अनुशासन और निरंतर परिश्रम के महत्व से कराया अवगत,
रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में राजकीय इंटर कॉलेज (राइका) जवाड़ी में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सहायक अभियंता, सिंचाई विभाग राजन भारद्वाज ने विद्यालय का निरीक्षण कर कक्षा 10वीं, 12वीं सहित अन्य कक्षाओं के छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राजन भारद्वाज ने विद्यार्थियों को भविष्य में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सही दिशा का चयन, नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनके भविष्य और करियर से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। इस पहल का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने करियर को लेकर सही निर्णय लेने में सहयोग प्रदान करना है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य भगत राम नौटियाल सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

