govt-ads

25 दिसंबर से भाजपा की 'जनआशीर्वाद यात्रा': गंगोत्री धाम और गोल्ज्यू देवता मंदिर से होगा आगाज,2488 किलोमीटर का सफर तय करेगी पार्टी

Blog
 Image

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 25 दिसंबर से पूरे प्रदेश में 'जनआशीर्वाद यात्रा' निकालने जा रही है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य की जनता से सीधा संवाद स्थापित करना और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को आम जनमानस तक पहुंचाना है। पार्टी की प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन ने यात्रा और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की है।

उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा अब जनता के बीच पहुंचकर अपनी नीतियों, विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को सामने रखने की तैयारी में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत पार्टी 25 दिसंबर से प्रदेशभर में जनआशीर्वाद यात्रा निकालेगी। खास बात यह है कि गढ़वाल और कुमाऊं की इन दोनों यात्राओं का आगाज धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था के प्रमुख केंद्रों से किया जाएगा। गढ़वाल की यात्रा गंगोत्री धाम से और कुमाऊं की यात्रा चंपावत स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर से शुरू होगी। भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने यात्रा की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि गढ़वाल क्षेत्र की जनआशीर्वाद यात्रा 25 दिसंबर को उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम से प्रारंभ होगी और 9 जनवरी 2027 को देहरादून में संपन्न होगी। वहीं, कुमाऊं क्षेत्र की यात्रा 27 दिसंबर को चंपावत स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर से शुरू होकर 7 जनवरी को हल्द्वानी में समाप्त होगी। दोनों यात्राओं के माध्यम से कुल 2488 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी और प्रदेशभर में 26 जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह अभियान केवल 2488 किलोमीटर की यात्रा नहीं, बल्कि 2488 संभावनाओं का संकल्प है। इसका उद्देश्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनता से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी अपेक्षाओं और समस्याओं को समझना तथा भाजपा की विकास और जनसेवा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद भारत ने विकास की गति बनाए रखी है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और विपक्ष पर विदेशों में भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया। वहीं, भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मंत्र देते हुए कहा कि सभी के सामने एक ही लक्ष्य होना चाहिए कि सामूहिक प्रयास और टीम भावना के साथ उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई जाए। इसके लिए पार्टी के प्रत्येक मोर्चे और प्रकोष्ठ को अपने निर्धारित सामाजिक वर्ग के बीच सक्रियता बढ़ानी होगी। युवा मोर्चा युवाओं, महिला मोर्चा महिलाओं और किसान मोर्चा किसानों के बीच पहुंचकर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करेगा। मेनन ने यह भी निर्देश दिए कि मोर्चों के वर्तमान पदाधिकारी अपने पूर्व पदाधिकारियों को भी संगठन से जोड़ें। मंडल से लेकर शक्ति केंद्र स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाई जाए और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाई जाए। इसके लिए अटल आयुष्मान योजना, मुख्यमंत्री सीमांत सड़क योजना, मुख्यमंत्री मछली परियोजना, मुख्यमंत्री घस्यारी योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, पूर्व सैनिकों से संबंधित योजनाओं और सहकारी योजनाओं को जनसंपर्क का हिस्सा बनाया जाएगा। भाजपा केवल जनआशीर्वाद यात्रा तक ही अपनी गतिविधियां सीमित नहीं रखेगी। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में दो बड़े किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश कार्यसमिति के बाद जिला और मंडल स्तर पर भी कार्यसमितियों की बैठकें होंगी। इसके अलावा सामाजिक संवाद कार्यक्रम, नुक्कड़ सभाएं और अन्य जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जाएंगी। भाजपा ने दिसंबर से जनवरी तक प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा तैयार की है। 2488 किलोमीटर की यात्रा, 26 जनसभाएं और किसान सम्मेलनों के जरिए पार्टी सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन की जमीनी सक्रियता भी बढ़ाना चाहती है। अब इन अभियानों के जरिए जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को कितना स्थान मिलता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।