govt-ads

हिमालय की दुर्गम राहों पर साहस का शंखनाद, तिलवाड़ा से 658 किमी की चुनौती लेकर टिहरी रवाना हुए साइकिलिस्ट,

Blog
 Image

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने दिखाई हरी झंडी, देश-विदेश के प्रतिभागी पहाड़ों की कठिन राहों पर दिखा रहे दमखम,

रुद्रप्रयाग। हिमालय की ऊंची चोटियां, दुर्गम पहाड़ी रास्ते, तीखे मोड़ और चुनौतीपूर्ण चढ़ाइयां... इन सबके बीच साहस, संकल्प और सहनशक्ति की परीक्षा लेने वाली Ultimate Uttarakhand Himalayan MTB Challenge 2026 का रोमांच लगातार आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता के अगले चरण का मंगलवार सुबह 7:30 बजे जीएमवीएन तिलवाड़ा से भव्य शुभारंभ हुआ। 

 

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर देश-विदेश से पहुंचे साइकिलिस्टों को टिहरी जनपद की कोटी कॉलोनी के लिए रवाना किया। 658 किलोमीटर की इस कठिन हिमालयन साइकिल रेस में प्रतिभागियों के सामने केवल दूरी तय करने की चुनौती नहीं है, बल्कि पहाड़ों की विकट भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचाई, दुर्गम चढ़ाइयों और घुमावदार मार्गों पर अपनी शारीरिक क्षमता, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय देने की भी परीक्षा है। तिलवाड़ा से टिहरी के लिए रवाना हुए साइकिलिस्टों के उत्साह ने आयोजन को रोमांचक बना दिया।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्तराखंड की हिमालयी भौगोलिक संरचना साहसिक खेलों के लिए विशेष पहचान रखती है। ऐसे बड़े आयोजन प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, पर्यटन स्थलों और साहसिक गतिविधियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी और उत्तराखंड की पर्यटन क्षमता को नई दिशा प्राप्त होगी।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने साइकिलिस्टों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन जनपद और प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के सुरक्षित, सफल एवं रोमांचक सफर की कामना की।

 

उल्लेखनीय है कि Ultimate Uttarakhand Himalayan MTB Challenge 2026 का यह पंचम संस्करण है। प्रतियोगिता में देश-विदेश के साइकिलिस्ट 658 किलोमीटर के चुनौतीपूर्ण पर्वतीय मार्ग पर अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्तराखंड के विभिन्न पर्वतीय पड़ावों से गुजरती यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के साहस की परीक्षा ले रही है, बल्कि दुनिया को देवभूमि के अद्वितीय प्राकृतिक वैभव और रोमांचकारी पर्यटन मार्गों से भी परिचित करा रही है।

 

यह आयोजन उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर माउंटेन साइकिलिंग और साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे पर्यटन को विस्तार मिलने के साथ स्थानीय व्यवसाय, रोजगार और आजीविका के नए अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

 

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश नेगी, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निदेशक वीएन सिंह, संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक, प्रसन्ना राउत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।