वार्ता के बाद समाप्त किया आंदोलन,
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम में शनिवार को मास्टर प्लान के अंतर्गत अवैध अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों एवं स्थानीय दुकानदारों द्वारा किया जा रहा धरना जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के साथ हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गया। इसके बाद धाम में यात्रा व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होने लगी।
शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन की टीम ने शनिवार को श्री केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत चिह्नित अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई को लेकर केदारनाथ धाम व्यापारी संघ एवं स्थानीय दुकानदारों ने हेलीपैड परिसर में धरना देकर विरोध जताया।
मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने संबंधित व्यापारियों एवं स्थानीय दुकानदारों से वार्ता की। इस दौरान जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याएं और आपत्तियां सुनीं तथा उनके द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रशासन की ओर से संबंधित पक्षों को कार्रवाई से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए स्थिति स्पष्ट की गई।
जिलाधिकारी के साथ हुई वार्ता के बाद अपराह्न करीब 3:30 बजे व्यापारियों एवं स्थानीय दुकानदारों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। इसके पश्चात केदारनाथ धाम में यात्रा से संबंधित गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित होने लगीं।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में केदारनाथ धाम की यात्रा पूरी तरह सुचारू है। श्रद्धालुओं की आवाजाही, दर्शन व्यवस्था और यात्रा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम से जुड़े सभी पक्षों से आपसी सहयोग, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है, ताकि यात्रा व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित होती रहे।

