रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 26 लोगों के नेत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान सात लोगों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई।
विवेकानंद नेत्रालय के सहयोग से आयोजित शिविर में 12 पुरुष और 14 महिलाओं ने नेत्र परीक्षण कराया। इनमें से 18 लोगों को आवश्यकतानुसार दवाएं वितरित की गईं, जबकि पांच पुरुष और दो महिलाओं को मोतियाबिंद से ग्रसित पाया गया।
चिह्नित सभी सात मरीजों का देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया जाएगा। मरीजों को विवेकानंद नेत्रालय एवं रामकृष्ण मिशन आश्रम की टीम द्वारा उपचार के लिए देहरादून ले जाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अक्टूबर माह का यह पहला निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर था। आगामी नेत्र परीक्षण शिविर चार अक्टूबर को भाणाधार स्थित विवेकानंद विजन सेंटर तथा सात अक्टूबर को ग्राम पंचायत मनसूना में आयोजित किया जाएगा। विभाग ने क्षेत्रवासियों से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।
शिविर में दृष्टिमितिज्ञ सौरभ रावत, राकेश कुंवर सहित मेडिकल टीम के अन्य सदस्यों ने मरीजों की जांच एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया।

