वाहन में सवार थे सात लोग, लापता व्यक्ति की तलाश में एसडीआरएफ और डीडीआरएफ का सर्च अभियान जारी
रुद्रप्रयाग। जनपद के जखोली क्षेत्र में अर्जुन बैंड के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सात लोगों को लेकर जा रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। वहीं, एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर 12:59 बजे डीसीआर को वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद तत्काल एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान दो लोगों की मौके पर ही मौत होने की पुष्टि हुई, जबकि चार घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। घायलों में कुरछोला, जखोली निवासी 15 वर्षीय शिवांशी रावत और 12 वर्षीय दिव्यांशी रावत भी शामिल हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि वाहन में कुल सात लोग सवार थे। इनमें दो की मौके पर ही मौत हो गई है, चार घायल हैं, जबकि एक व्यक्ति लापता है। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। हादसे के कारणों और मृतकों की शिनाख्त के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

