अर्जुन बैंड हादसे में तीन लोगों की मौत पर जताया शोक,
विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग,
रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लॉक के सिलगढ़ पट्टी स्थित कुरछोला-अर्जुन बैंड के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में तीन लोगों की मौत पर संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश संपर्क एवं ब्रांच मार्गों पर क्रैश बैरियर की व्यवस्था नहीं है। इसके चलते दुर्घटना की स्थिति में वाहन सीधे गहरी खाई में गिरने का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि अर्जुन बैंड की घटना बेहद दुखद है। इस हादसे में तीन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इसके बावजूद यदि संबंधित विभाग सबक नहीं लेता है तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य संपर्क मार्गों की स्थिति भी इससे अलग नहीं है। कई स्थानों पर सड़क किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
निर्मला बहुगुणा ने संबंधित विभाग से मांग की कि क्षेत्र के सभी संपर्क एवं ब्रांच मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर क्रैश बैरियर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग को गंभीरता दिखाते हुए समय रहते ठोस कदम उठाने चाहिए।

