govt-ads

658 किमी की हिमालयन एमटीबी साइकिल रेस के प्रतिभागी पहुंचे रुद्रप्रयाग

Blog
 Image

देश-विदेश के साइकिलिस्ट दिखा रहे दमखम, 24 नवंबर को टिहरी के लिए होंगे रवाना,

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित पंचम अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 में प्रतिभाग कर रहे देश-विदेश के साइकिलिस्ट रविवार को जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचे। 658 किलोमीटर लंबी इस चुनौतीपूर्ण अंतरराष्ट्रीय साइकिल रेस में प्रतिभागी दुर्गम पर्वतीय मार्गों पर अपने साहस, धैर्य और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। साइकिलिस्टों का रात्रि विश्राम तिलवाड़ा में होगा।

 

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 20 से 26 नवंबर तक संचालित की जा रही है। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुक्तेश्वर (नैनीताल) से हुआ है, जबकि इसका समापन मसूरी (देहरादून) में होगा। निर्धारित मार्ग के तहत साइकिलिस्ट कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों से होते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं।

 

प्रतियोगिता के तहत रविवार को साइकिलिस्ट बागेश्वर से विभिन्न पर्वतीय मार्गों को पार करते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को तिलवाड़ा में विश्राम दिवस रहेगा। इसके बाद 24 नवंबर को प्रतिभागी तिलवाड़ा से टिहरी के कोटी कॉलोनी के लिए रवाना होंगे।

साइकिलिस्टों के सुरक्षित आवागमन और आयोजन के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन ने निर्धारित मार्ग पर यातायात प्रबंधन, सुरक्षा तथा आवश्यक समन्वय की व्यवस्था सुनिश्चित की है। वहीं, तिलवाड़ा में प्रतिभागियों के ठहरने, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए भी प्रबंध किए गए हैं।

 

रविवार को आयोजित रेस चरण में हरियाणा के शिवेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। लद्दाख के त्सेवांग नोरबू दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती तीसरे स्थान पर रहे। तीनों साइकिलिस्टों ने चुनौतीपूर्ण पर्वतीय रास्तों पर बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

 

उल्लेखनीय है कि 658 किलोमीटर लंबी यह साइकिल रेस उत्तराखंड के 10 जनपदों से होकर गुजर रही है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्वतीय क्षेत्रों की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है। साथ ही उत्तराखंड को साइकिलिंग और साहसिक खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।