रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत चमस्वाड़ा में शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली ने की। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, पंचायत भवन की मरम्मत समेत अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों की संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं को संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

