भगवान केदारनाथ को अर्पित किया गया नए अन्न का भोग, मध्यरात्रि तक श्रद्धालुओं ने किए विशेष दर्शन,
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने दी भतूज एवं रक्षाबंधन की शुभकामनाएं,
रुद्रप्रयाग। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर गुरुवार रात केदारनाथ धाम में पारंपरिक भतूज अन्नकूट पर्व श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग का विशेष श्रृंगार कर नए अन्न से तैयार भोग अर्पित किया गया। पर्व के दौरान देर रात तक विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे तथा मध्यरात्रि से सुबह चार बजे तक श्रद्धालुओं को भगवान केदारनाथ के विशेष दर्शन कराए गए।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भतूज पर्व एवं रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भतूज अन्नकूट पर्व केदारनाथ की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पर्व की पवित्रता और परंपराओं को बनाए रखने का आह्वान किया।
भतूज पर्व के लिए बीकेटीसी के साथ ऊखीमठ एवं रुद्रपुर के पंचगाई पंचपंडा हक-हकूकधारियों ने विशेष तैयारियां की थीं। पवित्र अवसर पर नई फसल के पके हुए चावल और विभिन्न स्थानीय अनाज से भोग तैयार किया गया। हक-हकूकधारियों द्वारा विधि-विधान से तैयार किए गए इस अन्नकूट भोग को भगवान केदारनाथ के शिवलिंग पर समर्पित कर शिवलिंग को अन्न से ढक दिया गया।
मध्यरात्रि में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद भगवान को अर्पित अन्न को शिवलिंग से अलग किया गया और धार्मिक परंपरा के अनुसार मंदाकिनी नदी में प्रवाहित किया गया। इसी के साथ भतूज अन्नकूट पर्व का विधिवत समापन हुआ।
केदारनाथ धाम के मंदिर प्रभारी एवं प्रशासनिक अधिकारी किशन त्रिवेदी ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार अन्नकूट पर्व पर नए अनाज का पहला भोग भगवान केदारनाथ को समर्पित करने से अन्न शुद्ध एवं पवित्र होता है। उन्होंने बताया कि भतूज पर्व के समापन के बाद रक्षाबंधन के दिन श्रद्धालुओं को चावल-दाल का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
इस अवसर पर नौजूला मैखंडा क्षेत्र से मां महिष मर्दिनी की देवडोली भी केदारनाथ धाम पहुंची। दो दिन के धाम प्रवास के बाद गुरुवार को विशेष दर्शन एवं पूजा-अर्चना के उपरांत देवडोली वापस रवाना हुई। देवडोली के साथ यात्रा संयोजक दर्शन सिंह गौसाईं सहित ब्यूंगाड़ और गौरीकुंड क्षेत्र के श्रद्धालु मौजूद रहे। केदारनाथ धाम पहुंचने पर मां महिष मर्दिनी की देवडोली का भव्य स्वागत किया गया।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि रक्षाबंधन से पहले भतूज अन्नकूट पर्व को लेकर धाम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पर्व को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं तीर्थयात्री केदारनाथ पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
भतूज प्रसाद तैयार करने एवं धार्मिक परंपराओं के निर्वहन में पंचपंडा रुद्रपुर से अरविंद शुक्ला, अशोक शुक्ला, नितिन शुक्ला व हेमचंद्र शुक्ला तथा पंचगाई हक-हकूकधारी ऊखीमठ से अध्यक्ष राकेश तिवारी, कमल चंद्र त्रिवेदी, आशीष त्रिवेदी और धनीश तिवारी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
इस दौरान धर्माधिकारी औंकार शुक्ला, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, वेदपाठी यशोधर मैठाणी, वेदपाठी आचार्य आशाराम नौटियाल, सहायक लेखाकार प्रमोद बगवाड़ी, तोशाखाना प्रभारी उम्मेद सिंह नेगी, मनोज शुक्ला, पुष्कर रावत, हेमंत तिवारी, आनंद सूरज तिवारी, महावीर तिवारी, प्रकाश शुक्ला, सूरज नेगी, भोला कुंवर सहित मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

