विद्यार्थियों को भविष्य के लिए सही दिशा चुनने के लिए किया जा रहा प्रेरित,
रुद्रप्रयाग। जनपद में सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को कैरियर मार्गदर्शन देने के साथ ही रोजगार के अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद स्तरीय अधिकारी विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर रहे हैं, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य की राह चुन सकें।
15 सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान आगामी 18 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत अधिकारियों को जनपद के 85 विद्यालयों में मार्गदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों, नैतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत जिला उद्यान अधिकारी राजेश प्रसाद जसोला ने राजकीय इंटर कॉलेज चंद्रनगर में विद्यार्थियों को कैरियर संबंधी जानकारी दी। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज ग्वेफड़, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग, सहायक अभियंता सुशील कुमार तिवाड़ी ने राजकीय इंटर कॉलेज खेड़ाखाल तथा लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ के सहायक अभियंता ललित कुमार ने राजकीय इंटर कॉलेज रांसी में छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
इन सत्रों में विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर विकल्पों, रोजगार की संभावनाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, समाज सेवा, नागरिक कर्तव्यों और नैतिक मूल्यों के महत्व से भी अवगत कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक कैरियर संबंधी जरूरी जानकारी पहुंचाना और उन्हें भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना है। अधिकारियों की विद्यालयों में सीधी सहभागिता से विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त करने और अपनी शैक्षिक एवं व्यावसायिक दिशा तय करने में मदद मिल रही है।

