जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जारी किए आदेश, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए विभागवार दायित्व निर्धारित,
रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने निर्वाचन से संबंधित विभिन्न कार्यों के प्रभावी संपादन के लिए जनपद स्तरीय 38 अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए आदेश जारी किए हैं। साथ ही सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
निर्वाचन की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत को मतदान एवं मतगणना कार्मिकों, माइक्रो ऑब्जर्वर, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित निर्वाचन टीमों का डाटाबेस तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट को प्रशिक्षण प्रबंधन, जबकि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेंद्र बिष्ट को निर्वाचन के दौरान परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है।
अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा को शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदेय स्थलों के चिन्हीकरण की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रखरखाव, प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) तथा प्रशिक्षण के लिए मशीनों के चयन और वितरण से संबंधित कार्य सौंपे गए हैं।
इसी क्रम में जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा को निर्वाचन से संबंधित कार्यक्रमों की सूचना संकलित करने, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन संबंधी गतिविधियों के प्रचार-प्रसार का दायित्व सौंपा गया है।
प्रशासन ने निर्वाचन की सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए 38 नोडल अधिकारियों के साथ सहायक नोडल अधिकारियों की तैनाती की भी व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करना और सभी तैयारियों को समय रहते पूरा करना है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से चालू रखें तथा सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरतें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

