नगर पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्ते का आतंक, पांच लोगों को काटने की सूचना

Blog
 Image

रैंतोली में पालिका टीम ने पकड़ा

रुद्रप्रयाग। नगर पालिका क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते द्वारा अलग-अलग स्थानों पर पांच लोगों को काटे जाने की सूचना से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मंगलवार को कार्रवाई शुरू की। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत के नेतृत्व में पालिका की टीम गठित कर आवारा कुत्ते को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुत्ते को वार्ड नंबर-7 रैंतोली क्षेत्र से पकड़ लिया।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन की ओर से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि आवारा कुत्तों के कारण किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई लगातार की जा रही है। कुत्ते के पकड़े जाने से स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है।

 

नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि नगर क्षेत्र में आवारा कुत्ते द्वारा लोगों को काटे जाने की सूचना को गंभीरता से लिया गया है। सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम को सक्रिय किया गया और कुत्ते को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पालिका क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायतों पर नगर पालिका स्तर से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी क्षेत्र में आवारा कुत्तों का झुंड अथवा आक्रामक कुत्ता दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें और तत्काल नगर पालिका को इसकी सूचना दें। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

 

नगर पालिका प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास आवारा कुत्तों की गतिविधियों पर नजर रखें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा सूचना होने पर नगर पालिका द्वारा जारी संपर्क नंबरों पर तत्काल जानकारी दें। प्रशासन ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

इधर, पांच लोगों को कुत्ते के काटने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। लोगों ने नगर पालिका से क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी की है। पालिका प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि समस्या के समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और नगर क्षेत्र में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी एवं कार्रवाई जारी रखी जाएगी।