प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना,

Blog
 Image

बदरीनाथ धाम में महाभिषेक, केदारनाथ में रुद्राभिषेक, 76 आशीर्वाद दीप किए प्रज्ज्वलित,

रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम सहित बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अधीनस्थ मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर बदरीनाथ धाम में विशेष महाभिषेक तथा केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर बदरीनाथ धाम में प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से बीकेटीसी द्वारा विशेष महाभिषेक पूजा कराई गई। वहीं रात्रि में प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में बदरीनाथ धाम में 76 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

इसी क्रम में केदारनाथ धाम में भगवान केदारनाथ का विशेष रुद्राभिषेक किया गया। सायंकाल मंदिर परिसर में आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही मंदाकिनी गंगा आरती का आयोजन किया गया। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के गृह क्षेत्र स्थित पौराणिक श्री यमकेश्वर महादेव मंदिर में भी प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान महादेव का जलाभिषेक किया गया।

इससे एक दिन पूर्व बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर भी श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना की गई थी। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के दिशा-निर्देश में यमकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना, हवन एवं जलाभिषेक किया गया।

श्री बदरीनाथ धाम में धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल तथा श्री केदारनाथ धाम में पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इस अवसर पर श्री केदार सभा के पदाधिकारी, मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।