जिलेभर में जला ‘आशीर्वाद का दीया’, स्वच्छ एवं सुंदर रुद्रप्रयाग का लिया संकल्प,

Blog
 Image

जिला मुख्यालय से गांवों तक दीप प्रज्ज्वलन, केदारनाथ में स्वच्छता शपथ के साथ चला विशेष अभियान,

रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जनपद रुद्रप्रयाग में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय से लेकर तहसीलों, नगर निकायों, न्याय पंचायतों और गांवों तक लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, स्वच्छता, विकास और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

 

जिला मुख्यालय पर रुद्रप्रयाग संगम, मुख्य बाजार, पेट्रोल पंप, सरकारी संस्थानों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए गए। वहीं लोगों ने अपने घरों, दुकानों, आंगनों, मंदिरों और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता की। अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों तथा विभिन्न सार्वजनिक एवं सामुदायिक स्थलों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया।

 

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने और जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासपरक पहलों में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।

 

सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत केदारनाथ की ओर से मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलन के साथ स्वच्छता शपथ एवं विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छ एवं सुंदर केदारनाथ का संकल्प लेते हुए स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद नगर क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

 

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड जखोली के राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्र जाखनी में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया। महिलाओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।

 

इसी क्रम में नगर पंचायत तिलवाड़ा कार्यालय में अध्यक्ष एवं सभासदों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, न्याय पंचायतों और जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता एवं सेवा का संकल्प लिया।

 

उल्लेखनीय है कि जनपद रुद्रप्रयाग सहित पूरे उत्तराखंड में 15 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, निर्णयों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने के लिए विभिन्न जनजागरूकता एवं जनोपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान जिलेभर में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।