मानसिक दिव्यांगजनों के लिए लगा विशेष शिविर, 58 लोगों की हुई जांच, 23 पात्र व्यक्तियों को जारी किए मानसिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, रुद्रप्रयाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि में मानसिक दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, एनआईवीएच देहरादून तथा मेडिकल कॉलेज श्रीनगर की टीमों ने सहयोग प्रदान किया।

शिविर में कुल 58 व्यक्तियों की जांच एवं परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मानसिक दिव्यांगता से संबंधित आवश्यक परीक्षण किए। परीक्षण के बाद पात्र पाए गए 23 व्यक्तियों को मानसिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए। प्रमाण पत्र मिलने से पात्र दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत होगी।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही समय पर जांच एवं आवश्यक उपचार के महत्व के बारे में भी प्रतिभागियों और उनके परिजनों को जानकारी दी।

विभागीय अधिकारियों ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं एवं प्रमाण पत्र से मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को जांच, प्रमाण पत्र एवं सरकारी सुविधाओं से जोड़ना रहा।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से डॉ. पार्थ गुप्ता, एनआईवीएच देहरादून से डॉ. मेहुल गुप्ता, सहायक समाज कल्याण अधिकारी धीरज बुटोला, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र रुद्रप्रयाग से बृजमोहन नेगी, विकास नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।