वरिष्ठ पत्रकार दिलवर बिष्ट का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। वरिष्ठ पत्रकार दिलवर बिष्ट का सोमवार देर रात हृदयाघात से निधन हो गया। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद परिजन उन्हें श्रीकोट स्थित बेस अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

 

दिलवर बिष्ट लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने वर्ष 2006-07 में पत्रकारिता की शुरुआत की थी। करीब दो दशक के पत्रकारिता जीवन में उन्होंने दैनिक जागरण, शाह टाइम्स, दैनिक हॉक और लोक सत्य सहित विभिन्न समाचार पत्रों में सेवाएं दीं। इसके अलावा वे अनादि टीवी न्यूज चैनल से भी जुड़े रहे। जीवन के अंतिम समय तक वह पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे।

 

मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के दिलवर बिष्ट की पहचान एक जमीनी पत्रकार के रूप में थी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों, स्थानीय समस्याओं और आमजन से जुड़े मुद्दों को अपनी पत्रकारिता में प्रमुखता से उठाया। जनसरोकारों से जुड़े विषयों की निरंतर रिपोर्टिंग के माध्यम से उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाई।

उनके निधन पर जिले के पत्रकारों, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। पत्रकारिता जगत ने एक कर्मठ, सहज और जनसरोकारों के प्रति समर्पित पत्रकार खो दिया है।

दिलवर बिष्ट का अंतिम संस्कार उनके पैतृक घाट खाकरा में किया जाएगा।