रुद्रप्रयाग। जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा छेनागाड़ से करीब दो किलोमीटर ऊपर मत्थ्यगांव के समीप हुआ। दुर्घटना के समय वाहन में तीन लोग सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला आपदा कंट्रोल रूम को मत्थ्यगांव के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही SDRF और DDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला।
रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से तीनों लोगों को बाहर निकाला। घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतकों के शवों को भी वाहन से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि आपदा कंट्रोल रूम को मत्थ्यगांव के समीप वाहन दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही SDRF और DDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। वाहन में तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमों द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

