रुद्रप्रयाग। असम में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारतीय रेडक्रास सोसायटी की रुद्रप्रयाग जिला इकाई ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए सहायता का हाथ बढ़ाया है। मंगलवार को रुद्रप्रयाग जिला रेडक्रास सोसायटी की ओर से जिलाधिकारी के माध्यम से असम बाढ़ पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता असम रेडक्रास सोसायटी को भेजी गई।
यह पहल भारतीय रेडक्रास सोसायटी की उत्तराखंड राज्य शाखा के राज्य चेयरमैन ओंकार बहुगुणा एवं राज्य मैनेजिंग कमेटी की प्रेरणा से शुरू किए गए विशेष डोनेशन ड्राइव का हिस्सा है। अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों की रेडक्रास इकाइयों को सक्रिय करते हुए आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए धनराशि जुटाई जा रही है।
उत्तराखंड रेडक्रास के कुमाऊं मंडल में दीपक पाठक तथा गढ़वाल मंडल में अजय सेमवाल अभियान के समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अभियान के प्रथम चरण में उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और चमोली जिला इकाइयों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए कुल 63 हजार रुपये की आर्थिक सहायता असम राज्य शाखा को भेजी है।
रुद्रप्रयाग जिला रेडक्रास सोसायटी की इस पहल को भी मानवीय सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ितों की सहायता करना रेडक्रास के मूल सिद्धांतों—मानवता, निष्पक्षता और सेवा—के अनुरूप है। देश के एक हिस्से में आई आपदा के समय दूसरे हिस्से से मदद का हाथ बढ़ाना आपसी सहयोग और मानवीय एकजुटता का संदेश देता है।
असम रेडक्रास सोसायटी की ओर से उत्तराखंड रेडक्रास की इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे मानवता और सेवा की अनुकरणीय मिसाल बताया गया है।

