अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र में अनावश्यक रूप से खड़े नहीं रहेंगे वाहन
पुलिस ने खेल मैदान अगस्त्यमुनि में बनाई अस्थाई पार्किंग
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आने की संभावनों को देखते हुए लिया निर्णय
अगस्त्यमुनि। अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र में अब सड़क पर कोई भी छोटा-बड़ा वाहन अनावश्यक रूप से खड़ा नहीं रह पायेगा। पुलिस को खेल मैदान अगस्त्यमुनि में अस्थाई पार्किंग बनाने की स्वीकृति मिल गई है। जो प्रारम्भ भी हो गई है। अब सड़क पर कोई भी वाहन खड़ा मिलेगा तो पुलिस तत्काल उसका चालान करेगी।

चारधाम यात्रा में इस वर्ष बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की सम्भावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुगम एवं सुरक्षित यातायात को लेकर वैकल्पिक व्यवस्थायों पर ध्यान केन्द्रित करते हुए विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में अस्थाई पार्किंग पर विशेष जोर दिया है। और सड़कों पर खड़े निष्प्रयोज्य वाहनों के साथ ही बेतरतीब वाहनों को भी वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए अस्थाई पार्किंग में खड़ा करने का निर्णय लिया। अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र में भी यात्राकाल में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाये रखना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी। थाना प्रभारी सदानन्द पोखरियाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ विशाखा भदाणे ने अगस्त्यमुनि में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए खेल मैदान में अस्थाई पार्किंग बनाने का निर्णय लिया था। जिसके बाद इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी महोदय के साथ वार्ता के उपरान्त प्रशासन ने इस पर सहमति प्रदान कर दी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि खेल मैदान में बहुद्देशीय मंच के पास हेलीपैड से नदी की ओर 15 मी चैड़ाई एवं 100 मी लम्बाई का क्षेत्र पार्किंग के लिए नियत कर दिया गया है। इस भाग में मंच की ओर टैक्सी-मैक्सी के लिए, बीच का भाग निजी वाहनों के लिए तथा नदी की ओर वाला भाग दो पहिया वाहनों के लिए नियत किया गया है। खेल मैदान में पुराना देवल से लेकर थाना अगस्त्यमुनि तक सड़क किनारे खड़े सभी वाहन पार्क किए जायेंगे। वहीं बनियाड़ी एवं जवाहरनगर के लिए पीजी कालेज के खेल मैदान में अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था हेतु बात की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि जिस भी व्यक्ति को बाजार में खरीदारी करनी है वह अपनी गाड़ी अथवा दो पहिया वाहन को पार्किंग में खड़ी करेगा। बाजार में कोई भी गाड़ी अनावश्यक खड़ी नहीं होगी। किसी भी वाहन के कारण यातायात व्यवस्था गड़बड़ाई तो उसका तत्काल चालान किया जायेगा। साथ ही उन्होंने खेल मैदान में पार्किंग में जाने वाले वाहन चालकों को खेल की गतिविधियों में व्यवधान पैदा न करने तथा किसी भी सूरत में खेल मैदान के बीचों बीच वाहन न चलाने की चेतावनी भी दी। कहा कि ऐसी स्थिति में भारी जुर्माना लगाया जायेगा।

