मिनी स्वीटजरलैंड चोपता में इस साल की पहली बर्फबारी
बर्फबारी के बाद भारी संख्या में पहुंचने लगे पर्यटक
चोपता-गोपेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग भी अत्यधिक बर्फबारी के कारण बंद
रुद्रप्रयाग। मिनी स्वीटजरलैंड के रूप में विश्व विख्यात चोपता दुगलबिट्टा में सीजन की तीसरी और इस साल की पहली बर्फबारी जमकर हुई है। बर्फबारी के बाद भारी संख्या में पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने के लिए चोपता-दुगलबिट्टा पहुंच रहे हैं। बर्फबारी होने से स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image286641908-1641478182730.jpg)
बता दें कि मिनी स्वीटजरलैंड चोपता में जमकर बर्फबारी हुई है। चोपता के बुग्याल और पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गये हैं। चोपता-गोपेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग भी अत्यधिक बर्फबारी के कारण बंद हो गया है। चोपता दुगलबिट्टा में लगभग 2 फीट तक बर्फबारी हुई है। बर्फबारी होते ही भारी संख्या में पर्यटक चोपता की ओर रुख कर रहे हैं। सीजन की तीसरी और इस साल की पहली बर्फबारी चोपता में हुई है। चोपता में चारों और बर्फ ही बर्फ है। अत्यधिक बर्फबारी से चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग भी बन्द हो गया है। बंद मार्ग को खोलने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग खण्ड लोनिवि की मशीने जुटी हुई है। स्थानीय निवासी आशीष नौटियाल ने बताया कि चोपता में इस साल की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी इतनी ज्यादा हुई है कि दुगबिट्टा से चोपता के बीच राजमार्ग बाधित हो गया है। हालांकि मार्ग को खोलने के लिए एनएच विभाग की मशीने लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बर्फबारी का आनंद उठाने के लिए भारी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। दुगबिट्टा और चोपता के बीच ज्यादा बर्फ गिरने से रास्ता बंद है। ऐसे में सैलानी चोपता तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के कारण दो साल तक स्थानीय लोगों का रोजगार ठप रहा, मगर इस वर्ष शुरूआत से ही सैलानी भारी संख्या में चोपता की वादियों में पहुंच रहे हैं। बताया कि तुंगनाथ घाटी में बर्फबारी के समय ही सैलानियों का आवागमन ज्यादा रहता है, जिससे यहां का व्यवसाय चल पाता है। अन्य दिनों में सैलानी कम ही आते हैं। इन दिनों बर्फबारी ज्यादा होने से चोपता काफी खूबसूरत बना हुआ है। वहीं पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने कहा कि चोपता में बर्फबारी के कारण राजमार्ग होने पर शीघ्र एनएच विभाग को सूचना दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के जवान तैनात किये गये हैं।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image285718387-1641478201801.jpg)