माहरा के कार्यकाल में पार्टी बढ़ेगी आगे: नेगी
युवाओं और दलितों को पार्टी की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने का काम कर रहे प्रदेश अध्यक्ष
माहरा की लोकप्रियता से घबराई भाजपा कट पेस्ट वीडियो से कर रही छवि बिगाड़ने का काम
रुद्रप्रयाग। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने पिछले सवा साल के कार्यकाल में जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी को मुख्यधारा में लाया गया, उससे राज्य में भाजपा सरकार की बेचैनी बढ़ गई हैं। माहरा ने पिछले पांच वर्षों से राज्य में बुरी तरह हार चुकी कांग्रेस को खड़ा करने में दिन रात एक कर नई जान फूंकने का कार्य किया, जिसके चलते आज कांग्रेस भाजपा को कड़ी टक्कर देने की स्थिति में आ गई है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/images-41-300x200.jpeg)
यहां जारी बयान में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नेगी ने कहा कि माहरा ने प्रदेश अध्यक्ष बनते ही जनपदों का दौरा कर घर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा के खिलाफ सड़कों पर उतार दिया और राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर धार देनी शुरू कर दी। इसके अलावा माहरा ने राज्य में भ्रमण के उपरांत कई ऊर्जावान युवाओं को जिलों में संगठन की कमान भी सौंप दी। यही नहीं उन्होंने राज्य में भाजपा सरकार की बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ती मंहगाई, राज्य में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार, सरकारी नौकरी में भ्रष्टाचार, राज्य की सड़कों की बदहाली एवं गढ़वाल के सबसे चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड, बेरोजगारों पर लाठीचार्ज, भाजपा सरकार के मंत्रियों की गुंडागर्दी, किसानों से जुड़ी समस्याओं जैसे विषयों पर तत्काल पूरे प्रदेश में आंदोलन का बिगुल फूंका और समय-समय पर भाजपा को असहजता की स्थिति में खड़ा कर दिया। कई मौकों पर तो भाजपा जवाब तक नहीं दे पाई।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230731-WA0013-300x230.jpg)
नेगी ने कहा कि जब भाजपा को लगा कि अब उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी के नौजवान प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा को रोकना नामुमकिन सा है, तो भाजपा छिछोरी हरकत पर उतर आई और उनके भाषण की एक वीडियो को कट पेस्ट कर झूठा प्रचारित करने का कुचक्र रच डाला, जो कि एक बड़े राजनीतिक षड्यंत्र की ओर इशारा करती है। क्योंकि राज्य में जिस तरह करण माहरा द्वारा कांग्रेस पार्टी व पार्टी से दूर घर बैठे कार्यकर्ताओं को संघर्ष के लिए तैयार किया गया, उससे अब भाजपा को 2024 लोकसभा में हार का डर सताने लगा है और करण माहरा के खिलाफ इस प्रकार का षड्यंत्र रचने का प्रयास कर डाला, जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भाजपा को इससे कोई भी सफलता मिलने वाली नहीं है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/images-40-300x177.jpeg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/images-39-300x169.jpeg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/images-38-300x225.jpeg)