केदारनाथ धाम में तीर्थ पुरोहितों का आमरण अनशन समाप्त
एसडीएम और तहसीलदार ने पिलाया अनशनकारियों को जूस
15 अक्टूबर तक भवन और जमीन मिलने के आश्वासन के बाद माने तीर्थ पुरोहित
रुद्रप्रयाग। भू-स्वामित्व सहित अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर तीर्थ पुरोहितों का आमरण अनशन एसडीएम एवं बीकेटीसी के सीईओ योगेन्द्र सिंह के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया है। तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि यदि 15 अक्टूबर तक उनकी मांगों पर कार्यवाही नहीं की जाती तो वे 16 अक्टूबर से पुनः आमरण अनशन शुरू करने को मजबूर हो जायेंगे। वहीं मंगलवार देर रात एक अनशनकारी की तबियत खराब होने के बाद एसडीआरएफ की मदद से स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किये जाने के बाद वह पुनः आंदोलन स्थल पर चला गया।

बता दें कि चार सूत्रीय मांगों को लेकर केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों का आंदोलन शनिवार को शुरू हुआ था। आंदोलन के पहले चरण में तीर्थ पुरोहितों ने 24 घंटे तक केदारपुरी के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद करवाए। इसके बाद दूसरे चरण में सोमवार से कमल तिवारी व संदीप सेमवाल आमरण अनशन पर बैठ गए। मंगलवार देर रात कमल तिवारी की तबियत बिगड़ गई, जिन्हें एसडीआरएफ की मदद से स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। उनकी जगह पर संजय तिवारी आमरण अनशन पर बैठ गए, लेकिन सुबह तक स्वास्थ्य में सुधार आने के चलते कमल तिवारी पुनः आमरण अनशन पर चले गए।

बुधवार दोपहर को धरना स्थल पर एसडीएम एवं बीकेटीसी के सीईओ योगेन्द्र सिंह और तहसीलदार दीवान सिंह राणा पहुंचे। उन्होंने तीर्थ पुरोहितों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने 15 अक्टूबर तक मांगों पर कार्यवाही का लिखित में आश्वासन दिया, जिसके बाद तीर्थ पुरोहित माने और अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तोड़ा गया। केदारसभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने कहा कि 15 अक्टूबर तक आपदा से प्रभावित तीर्थ पुरोहितों को भू-स्वामित्व व भवन नहीं दिये गये तो वे 16 अक्टूबर से पुनः आमरण अनशन करने के लिए मजबूर हो जायेंगे। इस मौके पर केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, तीर्थ पुरोहित उमेश पोस्ती, चंडी प्रसाद, संतोष त्रिवेदी, अजय पुरोहित, तीर्थपुरोहित आचार्य संतोष त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष प्रवीण तिवारी, सदस्य प्रदीप शुक्ला एवं पंकज शुक्ला, संतोष त्रिवेदी, पंकज शुक्ला, विजेन्द्र शर्मा, उमेश चन्द्र पोस्ती, देवेश बाजपेई, अनिल बगवाडी, चिमनलाल शुक्ला, प्रदीप शुक्ला, अरविंद शुक्ला, अनुराग शुक्ला, आशीष शुक्ला, रोशन तिवारी, पंकज तिवारी, हिमांशु तिवारी, गौरव तिवारी, प्रवीन तिवारी, नवीन पुरोहित सहित अन्य मौजूद थे।
