अभियान के पहले दिन 21 की हुई सिकल सेल स्क्रीनिंग
सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान शुरू
मध्य प्रदेश में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम का 46 स्थानों पर हुआ सजीव प्रसारण
रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शनिवार को मध्य प्रदेश से शुरू किये गये राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान के अंतर्गत अभियान के पहले दिन जनपद में 21 लोगों की सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग की गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने 46 स्थानों पर अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230701-WA0071-1024x460.jpg)
सिकल सेल अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का एनआईसी सभागार, तीनों ब्लाॅकों के स्वान केंद्रों व 42 हेल्थ एंडवेलनेस सेंटर में सजीव प्रसारण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ एचसीएस मर्तोलिया ने बताया कि सिकल सेल एनिमिया खून के लाल रक्त कोशिकाओं में होने वाली एक अनुवांशिक बीमारी है, जिस कारण लाल रक्त कोशिका का आकार अर्द्धचंद्र या हंसिया जैसा हो जाता है। बताया कि एनिमिया यानी खून की कमी, आंखों में पीलापन के साथ-साथ बदन में तेज दर्द, कोहनी व घुटनों में सूजन लगे या बार-बार बुखार आए तो यह सिकल सेल के लक्षण है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230701-WA0074-472x1024.jpg)
अभियान के अंतर्गत विभाग द्वारा जनजातीय आबादी में शून्य से 40 आयु वर्ग के लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच की जाएगी व उन्हें सिकल सेल एनीमिया के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया के लक्षण महसूस होने पर संबंधित व्यक्ति अपने नजदीकी चिकित्सा इकाई या हेल्थ एंडवेलनेस सेंटर में जाकर इसकी जांच करा सकता है। अभियान के पहले दिन अगस्त्यमुनि ब्लाॅक के अंतर्गत पठालीधार में 7, ऊखीमठ ब्लाक के अंतर्गत ग्राम कंथा में 05 व पीएचसी ऊखीमठ में 9 लोगों की सिकल सेल एनीमिया संबंधित जांच की गई। सजीव प्रसारण कायक्रमों में बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों के अलावा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230701-WA0072-1024x472.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230701-WA0073-1024x460.jpg)