रायड़ी की प्रिया का राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में चयन
अगस्त्यमुनि। राइंका पठालीधार में 12वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्रा प्रिया का चयन विद्यालयी राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए उत्तराखण्ड राज्य की अंडर 19 बालिका टीम में चयन होने पर जनपद में खुशी का माहौल है। उत्तराखण्ड की 12 सदस्यीय टीम 24 से 27 जनवरी तक कर्नाटक के नागमंगला में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इसके लिए टीम देहरादून से 19 जनवरी को प्रस्थान करेगी।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240117-wa00342614119261331910774-461x1024.jpg)
रायड़ी गांव निवासी राजेन्द्र सिंह नेगी एवं प्रेमलता की दूसरी संतान प्रिया स्कूल में प्रारम्भ से ही खेल कूद में अब्बल रही। प्रिया के कोच शेर मोहम्मद ने बताया कि इससे पहले प्रिया राज्य स्तर पर कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुकी है। प्रिया का कबड्डी की राज्य की टीम में चयन होना विद्यालय और जनपद के लिए गौरव की बात है। इससे अन्य बालिकाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। प्रिया के राष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर चयन होने पर कबड्डी एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेन्द्र रौथाण ने बधाई देते हुए कहा कि जनपद में कबड्डी खेल के लिए अच्छा माहौल है। कई बालक एवं बालिकाएं इस खेल में प्रदेश स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर चुके हैं। वहीं प्रिया के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत, रुद्रप्रयाग विधायक भरतसिंह चौधरी, पूर्व विधायक मनोज रावत, आशा नौटियाल, सीमान्त अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, जिपंस रेखा बुटोला चौहान, प्रमुख प्रदीप थपलियाल, विजया देवी, व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन बिष्ट, नगर पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष अरूणा देवी बेंजवाल, पूर्व अध्यक्ष अशोक खत्री, प्रधान रायड़ी सुषमा देवी, सामाजिक कार्यकर्ता सुशीला भंडारी सहित कई लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240117-wa00343517199230186560707-461x1024.jpg)