नौ बाल वैज्ञानिकों के प्रोजेक्ट राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
जनपद स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता का आयोजन
विभिन्न विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों ने 30 प्रोजेक्ट किए प्रदर्शित,
बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक सोच को प्रयोगात्मक ढंग से किया प्रदर्शित
रुद्रप्रयाग। जनपद स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक सोच को प्रयोगात्मक ढंग से प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों ने 30 प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए, जिसमें नौ बाल वैज्ञानिकों के प्रोजेक्ट राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किए गये। राबाइंका अगस्त्यमुनि में 29 वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए जिला आयोजन समिति के संरक्षक एवं अटल उत्कृष्ट राइंका अगस्त्यमुनि के प्रधानाचार्य हरेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि आवश्यकता आविष्कार की जननी है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image1138908020-1642505198586.jpg)
उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को अपने आस-पास के वातावरण से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि छोटी उम्र से ही बच्चों में हर वस्तु के बारे में जानकारी हासिल करने की उत्सुकता रहती है। यह उत्सुकता उन्हें वैज्ञानिक बनने के लिए प्रेरित करती है। बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक एवं प्रधानाचार्य राइंका मणिपुर महावीर सिंह रावत ने बताया कि इस वर्ष का मुख्य विषय सतत जीवन के लिए विज्ञान है तथा इसके पांच उप विषय सतत जीवन के लिए परितन्त्र, उपयुक्त प्रौद्योगिकी, अभिकल्पना, विकास मॉडल एवं योजना और सामाजिक नवाचार व सतत जीवन के लिए पारम्पिरिक ज्ञान प्रणाली पर विभिन्न बाल वैज्ञानिकों द्वारा अपनी परियोजनायें प्रस्तुत करनी हैं। जिला आयोजन समिति के अध्यक्ष डीसी थपलियाल ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम को जिला अकादमिक समन्वयक लक्ष्मी रावत, जिला सह समन्वयक आरएस पंवार, जिला उपाध्यक्ष हर्षवर्धन शुक्ला आदि ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन अगस्त्यमुनि ब्लॉक समन्वयक कुसुम भट्ट ने किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अटल उत्कृष्ठ राइका ऊखीमठ की आईशा, राइका फाटा के आकाश जमलोकी, राइका मणिपुर की मधु, राइका बसुकेदार की आंचल भण्डारी, अटल उत्कृष्ठ राइका अगस्त्यमुनि के शुभम, राइका नागजगई की मेघा, अटल उत्कृष्ठ राइका रूद्रप्रयाग के शुभम काला, राइका कण्डारा के रोहित भट्ट तथा राइका तिलकनगर की सुशुमलता के प्रोजेक्ट राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। इस अवसर पर ऊखीमठ ब्लॉक समन्वयक श्रीमती सन्तोष बिष्ट, जखाली समन्वयक अश्विनी गौड़, मार्ग दर्शक शिक्षक अनन्त विजय सिंह, जेपी चौकियाल, जेएस रावत, शेखर ममगाईं, राजेश चन्द्र, वीपी पुरोहित, जेएल टम्टा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं बाल वैज्ञानिक मौजूद रहे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image1138908020-1642505248331.jpg)