गडोरा गांव में चौपाल लगाकर पुलिस ने दी जानकारी
रुद्रप्रयाग। जनपद पुलिस ने गडोरा गांव में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर चौपाल लगाई। जिसमें ग्रामीणों को पुलिस कार्य प्रणाली की जानकारी के साथ ही विभिन्न अपराधों से बचाव की जानकारी दी। ताकि ग्रामीण भविष्य में होने वाले आपराधिक घटनाओं के प्रति जागरूक हो सके।

चौकी घोलतीर पुलिस ने राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस क्षेत्र में सम्मिलित हुए ग्राम गडोरा में चौपाल लगाकर साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव, उत्तराखण्ड पुलिस एप के अन्तर्गत गौरा शक्ति मॉड्यूल तथा आपातकालीन हेल्प नम्बर 112 के बारे में जानकारी दी। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरन्त पुलिस को सूचना दिए जाने के बारे में बताया। इस दौरान समाज में बढ़ रहे नशे के दुष्प्रभावों व बच्चों के व्यवहार परिवर्तन के सम्बन्ध में भी जानकारी दी। उत्तराखण्ड पुलिस एप के अन्तर्गत महिलाओं के लिए बने गौरा शक्ति मॉड्यूल के बारे मे जानकारी देकर उत्तराखण्ड पुलिस एप डाउनलोड कर गौरा शक्ति मॉड्यूल में पंजीकरण किये जाने के लिए बताया गया।

