सीओ रावत के ऊधमसिंहनगर स्थानान्तरण पर पुलिस परिवार ने दी विदाई
केदारनाथ यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान पर की सराहना
रुद्रप्रयाग। जनपद में नियुक्त पुलिस उपाधीक्षक विमल रावत के जनपद ऊधमसिंहनगर स्थानान्तरण होने पर पुलिस परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। लगभग दो वर्षो के कार्यकाल में उनके द्वारा केदारनाथ यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान को सराहा गया। वहीं एसपी ने सीओ को नई जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए बधाई दी।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240122-wa01187438334824379102454-1024x780.jpg)
जनपद रुद्रप्रयाग में नियुक्त रहे पुलिस उपाधीक्षक विमल रावत वर्ष 2022 में प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरान्त पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पहली नियुक्ति जनपद में मिली थी। जनपद में नियुक्त होने के उपरान्त उन्हें 26 मार्च 2022 को अस्थायी पुलिस सर्किल गुप्तकाशी की जिम्मेदारी दी गई। लगभग पौने दो वर्ष के कार्यकाल में सीओ ने वर्ष 2022 एवं वर्ष 2023 की श्री केदारनाथ धाम यात्रा अवधि में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यात्रा काल अवधि में स्वयं केदारनाथ धाम में नियुक्त रहकर अधीनस्थ पुलिस बल का प्रभावी पर्यवेक्षण किया गया। साथ ही अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240122-wa0118141516770261130571-1024x780.jpg)
15 अगस्त 2023 को उन्हें सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से अलंकृत किया गया। विदाई समारोह में पुलिस उपाधीक्षक विमल रावत ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें अपनी पुलिस विभाग की सेवा का प्रारम्भिक चरण केदारनाथ धाम में रहकर करने का सौभाग्य मिला। शुरुआत में काफी चुनौतियां भी रहीं, लेकिन उन चुनौतियों से काफी कुछ सीखा भी है। उन्होंने इस दौरान एसपी एवं अपने सहयोगियों के सहयोग का धन्यवाद ज्ञापित किया। पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे ने नई जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन गणेश बण्डवाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग जयपाल सिंह नेगी सहित पुलिस कार्यालय में नियुक्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240122-wa0118224903823370086725-1024x780.jpg)