आपदा प्रभावितों ने शेष राहत राशि आंवटित होने पर सरकार का जताया आभार
आपदा प्रभावित व्यापारियों को 10 साल बाद मिली शेष राहत राशि
संयुक्त व्यापार संघ ने कार्यक्रम आयोजित कर विधायक केदारनाथ का किया भव्य स्वागत
अगस्त्यमुनि। केदारघाटी में जून 2013 में आयी दैवीय आपदा से प्रभावित व्यापारियों को 10 वर्षों बाद शेष राहत राशि के आवंटित होने पर आपदा प्रभावित व्यापारियों ने सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। अगस्त्यमुनि में संयुक्त व्यापार संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में केदारधाटी के व्यापारियों ने विधायक शैलारानी रावत का भव्य स्वागत किया।

संयुक्त व्यापार संघ केदारनाथ के अध्यक्ष प्रेम सिंह सजवाण ने कहा कि आपदा के 10 वर्षों बाद प्रभावित 436 व्यापारियों के शेष 40 प्रतिशत राहत राशि का भुगतान होने जा रहा है। यह केवल केदारनाथ विधायक के अथक प्रयासों से संभव हो पाया है। आपदा के बाद तत्कालीन विधायक के रूप में शैलारानी रावत ने व्यापारियों के स्वआंकलन के आधार पर तय मुआवजे राशि में 20 प्रतिशत कटौती के बाद 40 प्रतिशत का भुगतान हुआ था, लेकिन शेष भुगतान नहीं हो पाया। विधायक शैलारानी रावत ने व्यापारियों की पीड़ा को समझा और तत्काल इस पर कार्यवाही शुरू की। जिसका परिणाम यह है कि आज ऊखीमठ तहसील द्वारा व्यापारियों के बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर की जा रही है। इसलिए सभी व्यापारियों द्वारा विधायक के सम्मान में इस धन्यवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

इस अवसर पर उपस्थित व्यापारियों को संबोधित करते हुए केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने कहा कि व्यापारी देश की ताकत हैं। केदारनाथ यात्रा में अगर व्यापारी ना हों तो यात्रा संभव नहीं है। इस बात को तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने समझा और 2014 में तत्काल संयुक्त व्यापार संघ द्वारा तैयार सूची के अनुसार व्यापारियों को राहत राशि का भुगतान किया गया। आपदा के भावुक पलों को याद करते हुए कहा कि आपदा में केदारघाटी की जनता ने भारी जन-धन की हानि के बाद अपने आप को संभाला है। उन्होंने कहा कि आज केदारनाथ यात्रा जोरों पर चल रही है। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में केदारनाथ धाम का विकास हो रहा है। वहां पर पुनर्निर्माण के कार्य जोरों पर चल रहे हैं।

सोनप्रयाग में साक्षात लक्ष्मी का निवास हो गया है और स्थानीय व्यापारी सहित शासन-प्रशासन को यात्रीयों को संभालना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि संयुक्त व्यापार संघ के प्रयासों के कारण ही मुख्यमंत्री ने शेष राहत राशि अवमुक्त की है। उन्होंने मंच से व्यापारियों को एकजुट होकर केदारनाथ यात्रा को सफल बनाने में अपना अमूल्य सहयोग देने का आवाहन किया। संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष देवी प्रसाद गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि 2013 की आपदा के बाद गठित संगठन के पास जिन व्यापारियों ने अपना प्रार्थना पत्र दिया था, उन सभी 465 व्यापारियों को 2014 में 40 प्रतिशत राहत स्वीकृत की गयी थी। जिसमें ए व बी श्रेणी के कुल 436 लोगों को प्रथम किस्त का भुगतान किया गया था। उन्हीं लोगों को दूसरी किस्त में 40 प्रतिशत राशि के भुगतान की प्रक्रिया गतिमान है। समिति के सचिव शिव प्रसाद बगवाडी, कोषाध्यक्ष राम प्रकाश पुरोहित, महेश बाजपेयी, प्रेम प्रकाश जुगरान, विजय सिंह, कुंवर सिंह राणा, रोशन देवशाली, विजय बगवाडी, शंकर प्रसाद बगवाडी सहित अन्य उपस्थित व्यापारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और विधायक केदारनाथ शैलानारी रावत धन्यवाद ज्ञापित किया।
