नेगी और उस्मान को मिली प्रदेश में संगठन मंत्री की जिम्मेदारी
अगस्त्यमुनि पहुंचने पर व्यापारियों ने किया जोरदार स्वागत
अगस्त्यमुनि। नगर व्यापार मंडल अगस्त्यमुनि के वरिष्ठ सदस्य शत्रुघ्न नेगी तथा मोहम्मद उस्मान को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल में संगठन मंत्री बनाये जाने पर व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। व्यापारियों ने दोनों पदाधिकारियों का फूलमालाओं से भव्य स्वागत करते हुए नगर में जुलूस निकाला।

नगर व्यापार मंडल के महामंत्री त्रिभुवन नेगी ने कहा कि दोनों वरिष्ठ साथियों का प्रदेश कार्यकारिणी में पदाधिकारी बनने से हमारा गौरव बढ़ा है। इससे नगर के व्यापारियों की समस्याओं को प्रदेश स्तर पर पहुंचाने तथा उनका समाधान हो सकेगा। वहीं नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों की हर समस्या के समाधन के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे। पूरे प्रदेश में अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का जो उत्पीड़न किया जा रहा है, उसका पुरजोर विरोध किया जायेगा। कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी ने इस पर सरकार को साफ शब्दों में अल्टीमेटम दिया है। व्यापारियों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रांतीय कार्यकारिणी हमेशा साथ है। इस अवसर पर व्यापार मण्डल के कोषाध्यक्ष मनोज चौहान, निवर्तमान जिला महामंत्री मोहन रौतेला, सावन नेगी सहित बड़ीसंख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
