मिनी स्विटजरलैंड चोपता में दी ट्रैफिक आई की जानकारी
सोनप्रयाग व चोपता में पुलिस ने किया वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों को जागरूक
रुद्रप्रयाग। सड़क सुरक्षा माह के तहत पुलिस ने केदारनाथ यात्रा मार्ग के सोनप्रयाग एवं मिनी स्विटजरलैंड चोपता में वाहन चालक के साथ ही स्थानीय लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। ताकि भविष्य में घटित होने वाली घटनाओं से बचा जा सके। इसके साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस एप एवं ट्रैफिक आई के बारे में जानकारी भी दी गई।
गत 15 जनवरी से पुलिस सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालक, आम लोगों एवं छात्रों को जागरूक कर रही है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240125-wa00983603800785478944713-1024x693.jpg)
इसी कड़ी में चौकी प्रभारी चोपता ऊखीमठ उप निरीक्षक सतीश चन्द्र शाह ने सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने यातायात के नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन न चलाने, ओवर स्पीडिंग न करने की जानकारी दी। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं के कारण, दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय, उत्तराखण्ड पुलिस एप व ट्रैफिक आई के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित लोगों यातायात जागरुकता पम्पलेट्स भी वितरित किए गए।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240125-wa00535767139773759303830-1024x461.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240125-wa00547175071191510685117-1024x461.jpg)
वहीं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग देवेन्द्र सिंह असवाल व चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड ललित मोहन भट्ट के नेतृत्व में कोतवाली सोनप्रयाग से गौरीकुण्ड तक वाहन चालकों व आम-जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया। बताया कि दुपहिया वाहनों में तीन सवारी न बैठाने, सवारी वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, वाहनों को पार्किग स्थलों पर ही पार्क करने, वाहन चलाते समय मोबाइल एवं शराब का प्रयोग न करने की जानकारी दी। सड़क दुर्घटनाएं होने पर तत्काल घायलों की मदद करने के लिए लोगों से आगे आने की अपील की। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की सुरक्षा के लिए प्राथमिक उपचार के बारे में जानकारी दी। मोटर वाहन अधिनियम एवं डीएल निरस्तीकरण सम्बन्धी जानकारी भी वाहन चालकों दी।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/01/img-20240125-wa00528825801848302551585-1024x461.jpg)