डीएम कार्यालय में सभी विभागों के उपनल कर्मियों ने लगाए धामी सरकार के खिलाफ नारे,
उपनल कर्मियों ने की धामी सरकार से जल्द कार्यवाही की मांग
आगामी माह में होने हैं लोकसभा चुनाव के साथ बोर्ड परीक्षाएं
रुद्रप्रयाग। उपनल कर्मियों ने मांगों को लेकर डीएम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सीएम धामी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द मांगों पर कार्यवाही किए जाने की मांग की। उपनल कर्मियों ने कहा कि जहां जिला आपदा प्रबंधन विभाग में डीडीएमओ अकेले ही कार्य देख रहे हैं, वहीं आगामी माह में होने जा रहे लोक सभा चुनाव के साथ ही बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं। उपनल कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से विभिन्न विभागों में कार्य प्रभावित हो रहे हंैं, बावजूद इसके सरकार उपनल कर्मियों की मांगों पर अमल नहीं कर रही है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240216-wa00285833439763082573483-1024x768.jpg)
शुक्रवार को आपदा, स्वास्थ्य, पशु पालन, निर्वाचन, शिक्षा, एनएच, लोनिवि, ग्रामीण निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों में कार्यरत उपनल कर्मचारी डीएम कार्यालय में एकत्रित हुए, जहां उन्होंने प्रदेश की धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए धरना दिया और जल्द से जल्द मांगों के निराकरण की मांग की। कहा कि जिले में 1200 के करीब उपनल कर्मचारी गत् 12 फरवरी से हड़ताल पर हैं। उपनल कर्मी देवेंद्र खत्री ने कहा कि आगामी माह में लोकसभा चुनाव होने हैं, लेकिन निर्वाचन विभाग में तैनात उपनल कर्मी हड़ताल पर हैं। जिस कारण चुनाव में इसका असर पड़ सकता है। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षाएं भी होनी हैं।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240216-wa0027935095874713430251-1024x768.jpg)
शिक्षा विभाग में तैनात उपनल कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार पर रहने से बोर्ड परीक्षाएं भी प्रभावित होंगी। कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग उपनल कर्मचारियों के भरोसे चलता है। वहां पर उपनल कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार करने से डीडीएमओ कार्यभार संभाल रहे हैं। अनेक विभागों में बीते दस से पन्द्रह सालों से उपनल कर्मी कार्यरत हैं, लेकिन वह अल्प वेतन में अपना गुजर बसर कर रहे हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से परिवार का सही से लालन पालन नहीं हो पा रहा है। उपनल कर्मी लक्ष्मी पंवार ने कहा कि न्यून मानदेय पर कर्मचारी ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, बावजूद इसके उपनल कर्मियों की लम्बे समय से समस्याओं पर कार्यवाही नहीं की जा रही है। प्रदेश संगठन के नेतृत्व में देहरादून में धरना दिया जा रहा है, जिसमें जनपद से भी बड़ी संख्या में उपनल कर्मी देहरादून में धरना देने गए हैं।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240216-wa00324028565035280704912-1024x768.jpg)
जनपद में भी कर्मी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उपनल कर्मियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जल्द मांगों के निराकरण की मांग की है। इस मौके पर उपनल कर्मी देवेन्द्र खत्री, लक्ष्मी पंवार, सुरेश कुमार, सतेन्द्र बुटोला, युद्धवीर सिंह, लक्ष्मी पंवार, हिमांशु नौटियाल, संजय सिंह, विनीत सिंह, ऋतुराज सिंह, सावत्री नेगी, लक्ष्मी नेगी, कुलदीप नेगी, मधु भट्ट, शशि भट्ट, प्रकाश रावत, रामानुजन थपलियाल, विवेक नेगी आदि मौजूद थे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/02/img-20240216-wa00287842103816982103402-1024x768.jpg)