मुश्किल समय में ब्रह्मा कुमारीज में जाकर मिली शक्ति: अमरदेई
ब्रह्माकुमारीज ने किया समाज सेवियों का सम्मान’
ब्रह्मा कुमारीज का हर व्यक्ति सच्चा समाजसेवी: चैधरी
रुद्रप्रयाग पहुंचा मूल्य निष्ट सेवा द्वारा स्वर्णिम समाज की पुनस्र्थापना अभियान’
रुद्रप्रयाग। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीया विश्वविद्यालय के समाज सेवा प्रभाग के अभियान का रुद्रप्रयाग पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। साथ ही इस अवसर पर कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें पूरे प्रदेश में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले सच्चे समाज सेवियों को ब्रह्मा कुमारीज ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सच्चा समाजसेवी वही है, जिसके मन में मनुष्यों, पशु, प्रकृति के लिए सदा कल्याण की भावना होती है। वह परमात्मा से कभी अपने लिए नहीं मांगता, अपितु पूरे विश्व की कल्याण की कामना करता है और यह लक्षण उन्हें ब्रह्माकुमारी के भाई बहनों में दिखाई देते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने कहा कि जब उनके जीवन में कुछ समय पहले मुश्किल समय आया तो उन्हें ब्रह्माकुमारीज के दिव्य ज्ञान का सहारा मिला। ब्रह्मा कुमारीज की पचास हजार बहनों का जीवन धन्य है, जिन्होंने समाज की सेवा के लिए अपना तन, मन, धन सब कुछ समर्पण कर दिया है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रो ईवी स्वामीनाथन अंतर्राष्ट्रीय मोटिवेशनल स्पीकर ने बताया कि उन्होंने इंजीनियरिंग, एमबीए एवं पीएचडी की डिग्रियां ली हैं, मगर अच्छा मानव बनने के लिए उन्होंने राजयोग की शिक्षा ली। जिस कारण वह आज देश-विदेश में विभिन्न संस्थाओं, कॉलेज में जाकर निःशुल्क जीवन को तनाव मुक्त बनाने की शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

कार्यक्रम में भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री चंद्रमोहन सेमवाल, पर्यावरण संरक्षक चंद्र सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह चौधरी, धीर सिंह बिष्ट, कृपाल सिंह पंवार, हरि सिंह पंवार को उनकी समाज सेवा के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमार अविनाश ने नवरात्रों के उपलक्ष में देवियों के गीतों से सभी का मनोरंजन किया। मंच का संचालन ब्रह्मा कुमारीज के क्षेत्रीय निदेशक राजयोगी ब्रह्माकुमार मेहर चंद ने किया। इस मौके पर पर्यावरण विशेषज्ञ देवराघवेन्द्र बद्री सहित अन्य मौजूद थे।

छात्रों को नशे से होने वाले नुकसान की दी जानकारी
रुद्रप्रयाग। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीया विश्वविद्यालय की ओर से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि एवं राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत छात्रों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। प्रोफेसर स्वामीनाथन एवं प्रोफेसर गिरीश ने मन की एकाग्रता के लिए छात्रों को तन और मन की एक्सरसाइज से अवगत कराया। साथ ही सभी को व्यसन मुक्त रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी उषा ब्रह्माकुमार वीरेंद्र, ब्रह्माकुमार प्रकाश, ब्रह्मा कुमार विनोद मौजूद रहे।




