निर्धन बेटी की मदद के लिए उपहार ने बढ़ाए हाथ
समिति ने शादी के लिए संपूर्ण राशन उपलब्ध कराया
रुद्रप्रयाग। केदारघाटी की सामाजिक संस्था उपहार ने 37वीं निर्धन बेटी की शादी में मदद पहुंचाई है। ग्राम पंचायत उषाढ़ा की एक निर्धन बेटी की शादी आगामी सात दिसंबर को होनी तय है। निर्धन बेटी के पिता की मौत 7 वर्ष पूर्व हो चुकी है। उसकी तीन बहने और एक भाई है। जब स्थानीय लोगों से इस गरीब परिवार के बारे में ज्ञात हुआ तो उपहार समिति के अध्यक्ष विपिन सेमवाल और उनकी टीम ने जरूरतमंद परिवार के बारे में जानकारी हासिल की। समिति ने इस निर्धन बेटी की शादी के लिए संपूर्ण राशन उपलब्ध कराया है। समिति के सचिव दिनेश उनियाल ने बताया कि गत चार वर्षों में समिति ने 37 निर्धन और निराश्रित बेटियों की शादी में मदद पहुंचा चुकी है। साथ ही चार जरूरतमंद विधवाओं तथा विकलांगो के आवासीय भवन भी निर्मित कर चुकी है। उन्होंने बताया कि आगामी वर्षों में वह इस तरह से सौ निर्धन बेटियों की शादी में मदद करने का लक्ष्य बना चुके हैं। श्री उनियाल ने बताया कि समिति को इस कार्य में सरकार की ओर से कोई भी मदद नहीं मिल रही है, बल्कि क्षेत्र के कई दानवीर लोगों द्वारा प्रतिमाह पांच सौ की धनराशि समिति को दान की जाती है। जिसे एकत्रित करके समिति ऐसे जरूरतमंद लोगों की मदद कर रही है।
फोटो: निर्धन बेटी की शादी में मदद पहुंचाते समिति के अध्यक्ष विपिन सेमवाल
