चार हुक्काबाज तीर्थ यात्रियों का पुलिस ने केदारनाथ में किया चालान
चारों यात्री पत्थरों की आड़ में छिपकर पी रहे थे हुक्का
धाम में अभी तक 14 हुक्काबाज तीर्थ यात्रियों के हो चुके हैं चालान
रुद्रप्रयाग। विश्व विख्यात भगवान केदारनाथ धाम की यात्रा इन दिनों चरम पर है। हजारों की संख्या में यात्री केदारनाथ पहुंचकर बाबा का आशीष ले रहे हैं, लेकिन कई यात्री ऐसे भी पहंुच रहे हैं जो केदारनाथ धाम को धार्मिक स्थल नहीं समझ रहे हैं और हुक्का पीकर धाम में हुडदंग मचा रहे हैं। ऐसे में जहां धाम की पवित्रता धूमिल हो रही है, वहीं अन्य यात्रियों में गलत संदेश जा रहा है। शुक्रवार को भी चार यात्री केदारनाथ धाम में हुक्का पीते हुये पाये गये, जिनका पुलिस ने चालान कर दिया है। अभी तक धाम में हुक्काबाज 14 तीर्थ यात्रियों के चालान किये जा चुके हैं।
विश्व विख्यात केदारनाथ धाम को कई लोगों ने पर्यटक स्थल बना दिया है। कई लोग ऐसे भी धाम में पहुंच रहे हैं, जो हुक्का पीने के साथ ही हुडदंग कर रहे हैं। साथ ही कई लोग धाम के बारे में सोशल मीडिया में गलत बयानबाजी कर रहे हैं। इससे जहां धाम की यात्रा प्रभावित हो सकती है, वहीं केदारनाथ धाम के दर्शन करने के लिये आने वाले यात्रियों में गलत संदेश जा सकता है। पूर्व में भी कई यू टयूबर धाम के लोगों के बारे में गलत संदेश देने के साथ ही गलत तरीके से अपने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर चुके हैं। इन दिनों केदारनाथ धाम से आये दिन हुक्का पीकर हुडदंग करने वाले यात्रियों की खबरे सामने आ रहे हैं। जहां एक दिन पूर्व ही कुछ यात्रियों को हुक्का पीते हुये देखा गया था। वहीं शुक्रवार को चार अन्य यात्री भी धाम में हुक्का पीते हुये पकड़े गये। अमित निवासी खेड़ी मेरखा हरियाणा, राजनाथ, मनदीप एवं गुरमीत निवासी करौंदा संगरूर पंजाब केदारनाथ में हुक्का पी रहे थे। इस बीच पत्थरों की आड़ में बैठे इन यात्रियों पर पुलिस की नजर पड़ गई। फिर पुलिस चारों यात्रियों को अपने साथ चौकी लाई। जहां पुलिस अधिनियम के तहत चारों हुक्काबाज तीर्थ यात्रियों का चालान किया गया। साथ ही धाम की पवित्रता बनाये रखने की भी सख्त हिदायत दी गई।