तहसील दिवस को लेकर डीएम ने किया रोस्टर जारी
रुद्रप्रयाग। जन समस्याओं के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तहसील दिवस को लेकर रोस्टर जारी किया है। उन्होंने आगामी तीन माह के लिए आयोजित होने वाले तहसील दिवसों में जनपद स्तरीय अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं, ताकि दर्ज की जाने वाली शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जा सके।

माह जुलाई, अगस्त व सितंबर के लिए निर्धारित तहसील दिवस कार्यक्रम के अनुसार चार जुलाई को अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील रुद्रप्रयाग में तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 18 जुलाई को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जखोली में तहसील दिवस का आयोजन होगा। एक अगस्त को तहसील बसुकेदार में अपर जिलाधिकारी तथा 22 अगस्त को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ऊखीमठ में तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में पांच सितंबर को रुद्रप्रयाग में, जबकि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 19 सितंबर को तहसील जखोली में तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारी व तहसीलदार को निर्धारित तिथि के अनुसार आयोजित होने वाले तहसील दिवस के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।
