देव पश्वों ने मौरू डाली पर चढ़कर भक्तों को दिया आशीर्वाद
पुनाड़ गांव में आयोजित पांडव लीला के समापन पर उमड़ी दर्शकों की भीड़,
रुद्रप्रयाग। पांडव नृत्य एवं शिव समिति के तत्वाधान में पुनाड़ चौक में चल रहे पांडव नृत्य का समापन हो गया है। इस अवसर पर मोरू डाली कौथिग आकर्षण का केन्द्र रहा। अंतिम दिन दूर दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे हुए थे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/12/img-20231225-wa00701489910696347236444-1024x768.jpg)
गत चार दिसम्बर से पुनाड़ पांडव चौक में चल रहे पांडव नृत्य के अंतिम दिन सुबह आठ बजे से बड़ी संख्या में ग्रामीण वाद्य यंत्रों के साथ नजदीक के जंगल गए। जहां पूजा-अर्चना के साथ मोरू डाली को लाकर पांडव चौक लाए। इसके बाद डाली पर विभिन्न तरह के फलों को सजाया गया। डाली को पूजा अर्चना के बाद चौक में स्थापित किया गया। इसके बाद गांव के लोगों द्वारा छावड़ियां लगाई गई। पांडव चौक में भक्तों से खचाखच भरे चौक में पहले स्थानीय देवी देवता अवतरित हुए।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/12/img-20231225-wa00718142078175695689686-1024x472.jpg)
जिसके बाद पांडवों ने अस्त्र-शस्त्रों के साथ नृत्य किया। अंत में श्रीकृष्ण के पश्वा मौरू डाली पर चढ़कर भक्तों को पेड़ से फल फेंककर प्रसाद के रूप में वितरित किए। इस दौरान मोरू डाली कौथिग आकर्षण का केन्द्र रहा। करीब एक घंटे तक इस आयोजन का लोगों ने खूब आनंद उठाया। इसके बाद पांडव पश्वाओं, द्रौपती, हनुमान एवं देवी-देवताओं के पश्वाओं ने भक्तों को प्रसाद वितरित किया। अंत में पांडवों का विदाई का पल हर किसी को भावुक कर गया। इससेे पूर्व गत रविवार रात्रि को हाथी कौथिग का आयोजन किया गया। पूरी रातभर चले पांडव नृत्य का लोगों ने सुबह तक आनंद उठाया।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/12/img-20231225-wa00704445551576734678507-1024x768.jpg)
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रकाश भारती, विजय कप्रवाण, सचिव सुनील नौटियाल, कोषाध्यक्ष विक्रम कप्रवान, शैलेंद्र गोस्वामी, रामचन्द्र नौटियाल, दिनेश चन्द्र सेमवाल, चंद्रमोहन सेमवाल ने सम्पूर्ण क्षेत्रीय जनता का आभार प्रकट किया। इस मौके पर सम्पूर्ण क्षेत्र की जनता मौजूद थी।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/12/image_editor_output_image1077420647-17035183570614722814164267334935-1002x1024.jpg)