अस्थाई पुल निर्माण से मदमहेश्वर यात्रा की जगी उम्मीद
गौंडार गांव के ग्रामीणों एवं लोनिवि ने बनाया बनातोली में लकड़ी का अस्थाई पुल
बीते 14 अगस्त को नदी का जल स्तर बढ़ने से बह गया था पुल
मदमहेश्वर घाटी के ग्रामीणों की प्रशासन से यात्रा शुरू करने की मांग
ऊखीमठ। पंच केदारों में द्वितीय केदार के नाम से विख्यात मदमहेश्वर यात्रा के आधार शिविर बनातोली में लोक निर्माण विभाग व गौंडार गांव के ग्रामीणों के अथक प्रयासों से लकड़ी का अस्थाई पुल बनकर तैयार हो गया है। अस्थाई पुल के बनने से विगत कई दिनों से वीरान पडे़ मदमहेश्वर धाम सहित यात्रा पड़ावों पर एक बार फिर से रौनक लौटने की आश जग गयी है और अब श्रद्धालु मदमहेश्वर तीर्थ के दर्शन आसानी से कर सकते हैं।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230820-WA0050-768x1024.jpg)
बता दें कि मदमहेश्वर यात्रा के आधार शिविर बनातोली में लोहे का पुल बीते 14 अगस्त को अतिवृष्टि के कारण नदी की तेज धाराओं में समा गया था और शासन-प्रशासन की मदद से 16 अगस्त को मदमहेश्वर धाम सहित यात्रा पड़ावों पर फंसे 293 तीर्थ यात्रियों का रेक्स्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। पुल के बहने के बाद मदमहेश्वर धाम सहित यात्रा पड़ाव वीरान पडे़ हुए थे। लोक निर्माण विभाग व गौंडार के ग्रामीणों ने नदी पर अस्थाई पुल का निर्माण करने से एक बार पुनः मदमहेश्वर धाम की यात्रा विधिवत शुरू होने की संभावनाएं बन गयी हैं। प्रधान गौंडार बीर सिंह पंवार ने बताया कि अस्थाई पुल के निर्माण में लोक निर्माण विभाग व गौंडार के समस्त ग्रामीणों का अहम योगदान रहा है और अस्थाई पुल के निर्माण से मदमहेश्वर यात्रा में आने वाले श्रद्धालु को राहत मिली है। उन्होंने बताया कि अस्थाई पुल से गौंडार के ग्रामीणों को भी बनातोली, खटारा, नानौ, मैखम्बा, कूनचट्टी तथा मदमहेश्वर धाम आवाजाही करने की सुविधा मिल गयी है। पूर्व प्रधान भगत सिंह पंवार ने बताया कि पुल नहीं होने से मदमहेश्वर धाम सहित यात्रा पड़ावों पर सन्नाटा पसर गया था और मदमहेश्वर घाटी का तीर्थाटन पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया था, मगर अस्थाई पुल बनने से मदमहेश्वर धाम सहित यात्रा पड़ावों के तीर्थ यात्रियों की आवाजाही से गुलजार होने की उम्मीद जगी है। भरत सिंह पंवार ने प्रदेश सरकार, जिला व तहसील प्रशासन से शीघ्र मदमहेश्वर यात्रा को सुचारू करने की मांग करते हुए कहा कि बनातोली में अस्थाई पुल का निर्माण होने से मदमहेश्वर धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों को आवाजाही करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। इसलिए शासन-प्रशासन को शीघ्र मदमहेश्वर यात्रा शुरू करनी चाहिए।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230820-WA0049-768x1024.jpg)
वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बीते 14 अगस्त को मदमहेश्वर जाने वाले रास्ते बनातोली नामक स्थान पर मोरकंडा नदी पर बना हुआ लोहे का पुल बह गया था। जिलाधिकारी के निर्देशन में लोनिवि वैकल्पिक पुल का निर्माण कर दिया है, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से वैकल्पिक पुल को तैयार कर आवाजाही शुरू हो गई है। अस्थाई पुल निर्माण से क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं मदमहेश्वर जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पडे़गा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230820-WA0048-768x1024.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230820-WA0050-1-768x1024.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230820-WA0051-1024x770.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230820-WA0049-1-768x1024.jpg)