रुद्रप्रयाग में कांग्रेस पर्यवेक्षक ने टटोली दावेदारों की नब्ज
जिला मुख्यालय में किया जोरदार प्रदर्शन, केन्द्र व राज्य सरकार की नाकामियों को किया उजागर
रुद्रप्रयाग। हिमाचल प्रदेश के पूर्व विधायक एवं रुद्रप्रयाग कांग्रेस पर्यवेक्षक तिलकराज शर्मा ने जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और दावेदारों की नब्ज टटोली। इसके बाद जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया और केन्द्र व राज्य सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखा गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश के पूर्व विधायक एवं रुद्रप्रयाग कांग्रेस पर्यवेक्षक तिलकराज शर्मा ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की। साथ ही दावेदारों की नब्ज भी टटोली।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image-219332642-1641038103721.jpg)
इस अवसर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक शर्मा ने कहा कि किसी भी पार्टी में टिकट एक ही व्यक्ति को दिया जाना है। इसलिए पार्टी द्वारा टिकट फाइनल होने से पूर्व सभी दावेदारों को एकजुट करते हुए पार्टी हित में कार्य करने का मंत्र दिया जाता है। तिलकराज शर्मा ने सभी दावेदारों से गहन वार्ता भी की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि यह समय कांग्रेस की परीक्षा का समय है। जनता के बीच कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना बनाना है। इसलिए जिस भी व्यक्ति को टिकट मिलता है, उसके पक्ष में माहौल बनाएं। किसी भी तरह के अन्तर्कलह से बचें। ऐसा न हो कि छोटी सी भूल हमें परेशानी खड़ी कर दे। इस बीच पर्यवेक्षक के तौर पर वह कई क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। प्रतिदिन कार्यकर्ताओं से मुलाकात और फीडबैक ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले में दोनों सीटों पर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना है। हम इसे अवसर में बदलकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बना सकेंगे। बैठक के बाद जिला मुख्यालय में केन्द्र व राज्य सरकार की नाकामियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस युवा नेता अंकुर रौथाण ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण जनता त्रस्त है। रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय में जिन जगहों पर कांग्रेस के पोस्टर लगाये जा रहे हैं, वहां दूसरे दिन ही भाजपा अपने पोस्टर लगा रही है। ऐसे में भाजपा की मानसिकता को समझा जा सकता है। भाजपा के चरित्र को जनता अच्छे से समझ चुकी है। कहा कि आज महंगाई और बेरोजगारी के कारण जनता परेशान है। आये दिन महंगाई बढ़ती जा रही है, जबकि रोजगार के नाम पर सरकार बेवकूफ बना रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाने को तैयार बैठी है। इस मौके पर केदारनाथ विधायक मनोज रावत, जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट, पूर्व जिपंअ लक्ष्मी राणा, पूर्व कैबिनेट मंत्री मातबर सिंह कंडारी, ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थलपलियाल, नपा अध्यक्ष गीता झिंक्वाण, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शशि सेमवाल, वीरेंद्र बुटोला, अंकुर रौथाण, बंटी जगवाण, लक्ष्मण रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image2062524220-1641038134949.jpg)