केदारनाथ यात्रा पड़ाव के गौरीकुंड में टूटी चट्टान, 20 मौत
तीन लोगों के शव बरामद, 17 लोग अभी भी लापता
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम रेस्क्यू अभियान में जुटी
केदारनाथ से लौटे यात्रियों को भी गौरीकुंड से सुरक्षित पहुंचाया सोनप्रयाग
मौसम खराब रहने के चलते शुरू नहीं हो पाई केदारनाथ यात्रा
केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में चटटान टूटने से 20 लोग जिंदा दफन हो गए। इनमें तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 17 लोग अभी भी लापता चल रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोग मंदाकिनी नदी के तेज बहाव में बह गए हैं, जिनकी ढूंढखोज को लेकर मंदाकिनी से लेकर अलकनंदा नदी में सर्च अभियान जारी है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0097-1024x768.jpg)
बता दें कि केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड बस स्टेशन के पास बृहस्पतिवार रात लगभग 12 बजे के आस-पास चटटान टूट गई थी। चटटान टूटने के कारण सोनप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग किनारे स्थित तीन दुकाने मंदाकिनी नदी में समा गई। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय इन दुकानों में लगभग 20 लोग मौजूद थे। रात के समय तेज बारिश होने के कारण रेस्क्यू अभियान चलाने में काफी दिक्कतें आई। सुबह के समय रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। इस दौरान तीन लोगों के शवों को खाई से निकाल दिया गया। हालांकि अभी इनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। बाकी 17 लोगों की खोजबीन जारी है। घटना में लापता 15 लोग नेपाली मूल के हैं, जबकि, जबकि दो लोग उत्तर प्रदेश और तीन लोग स्थानीय निवासी हैं। दोपहर के समय डीएम डाॅ सौरभ गहरवार और एसपी डाॅ बिशाखा भदाणे भी घटना स्थल पर पहुंचे। लापता चल रहे लोगों में कुछ बच्चे और युवा भी शामिल हैं। ये सभी लोग गौरीकुंड में दुकान और ढाबा का संचालन करके रोजगार करते थे। जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गौरीकुंड से श्रीनगर तक लापता लोगों की खोजबीन को लेकर मंदाकिनी व अलकनंदा नदी में सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिये गये हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी के निर्देशन में श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग गौरीकुंड डाटपुलिया के समीप भारी भू-स्खलन से लापता हुए 20 लोगों का सर्च रेस्क्यू आॅपरेशन एवं खोजबीन कार्य जारी है। खोजबीन व रेस्क्यू के दौरान अब तक 03 लोगों के शव बरामद किए गए हैं जिनकी शिनाख्त की जा रही है। अन्य लापता लोगों का रेस्क्यू एवं खोजबीन का कार्य सायं बारिश व अंधेरा होने के कारण रोक दिया गया है । कल सुबह रेस्क्यू एवं खोजबीन कार्य शुरू कर दिया जायेगा। रेस्क्यू एवं खोजबीन कार्य में डीडीआरफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, वाईएमएफ, पुलिस तथा जिला प्रशासन की टीमें मौजूद रही।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0094-1024x768.jpg)
मौसम खराब होने के कारण रोकी गई केदारनाथ यात्रा
रुद्रप्रयाग। मौसम खराब होने और जगह-जगह हाईवे पर बोल्डर आने के बाद केदारनाथ के दर्शन करने के बाद गौरीकुंड आये यात्रियों को सुरक्षित रोका गया था। दोपहर बाद गौरीकुंड में रोके गये यात्रियों को सुरक्षित तरीके से सोनप्रयाग भेजा गया, जबकि केदारनाथ यात्रा को अभी तक रोका गया। यात्रियों को शुक्रवार को केदारनाथ नहीं भेजा गया। अब मौसम पूरी तरह से सही होने पर ही यात्रियों को केदारनाथ भेजा जायेगा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0099-1024x485.jpg)
रेस्क्यू अभियान में बरती गई ढिलाई
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा पड़ाव के गौरीकुंड में चट्टान टूटने की घटना में लापरवाही बरतने का आरोप लग रहा है। यहां घटना के चार घंटे बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अगर समय से यह रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाता तो कुछ लोगों को बचाया जा सकता था।
केदारनाथ यात्रा के अहम पड़ाव गौरीकुंड की घटना ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। कुछ दिन पहले चमोली जिले में नमामि गंगे योजना के तहत बने सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में करंट लगने से 17 लोगों की मौत हो गई थी। अब रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड में पहाड़ी टूटने से एक बड़ी घटना घट गई। इसमें 20 लोगों के लापता होने के बाद तीन लोगों के ही शव बरामद हो पाए हैं। देर रात करीब 12 बजे घटना घटने के बाद शुक्रवार सुबह चार बजे रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जबकि रेस्क्यू अभियान की टीम रात दो बजे करीब घटना स्थल पर पहुंच गई थी। मगर टीम की ओर से कोई खास मशक्कत नहीं की गई और बारिश बंद होने का इंतजार किया गया। जब सुबह चार बजे बारिश थोड़ा कम हुई, उसके बाद रेस्क्यू टीम अभियान में जुट गई और टीम को शुक्रवार दोहपर दो बजे तीन शव बरामद हुए, जबकि अभी तक 17 लोग लापता चल रहे हैं।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0095-1024x485.jpg)
जिला पंचायत अध्यक्ष जताई शोक संवेदना
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकंुड में घटी घटना के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृत लोगों के प्रति शोक संवदेना जताई तो लापता लोगों की ढूंढखोज को लेकर तेजी से सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चमोली जिले के बाद रुद्रप्रयाग जिले में भी बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे ने सभी के दिल को दहलाकर कर रख दिया है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने हादसे में मृत लोगों के परिवार जनों को विश्वास दिलाया कि उनकी हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन व पुलिस को लापता लोगों की ढूंढखोज में तेजी लाने को कहा। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत सदस्य बबीता सजवाण, वरिष्ठ युवा नेता आशीष नौटियाल सहित अन्य मौजूद थे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0067-1024x768.jpg)
डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग गौरीकुंड डाटपुलिया के समीप भारी भू-स्खलन की घटना की सूचना पर जिलाधिकारी डाॅ सौरभ गहरवार, पुलिस अधीक्षक डाॅ विशाखा अशोक भदाणे घटना स्थल पर पहुंचे और मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में लगी रेस्क्यू टीम से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने भूस्खलन के कारण लापता हुए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है। उन्होंने सर्च रेस्क्यू कार्य में लगी डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वाईएमएफ, पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों को रेस्क्यू कार्य को तत्परता के साथ सावधानी एवं सतर्कता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने घटना स्थल पर हो रहे भूस्खलन से आवाजाही को सावधानी से कराने के निर्देश दिए तथा टीमों को सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, पुलिस उपाधीक्षक विमल रावत सहित रेस्क्यू टीम के सदस्य मौजूद रहे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0071-1024x473.jpg)
1, आशु उम्र 23 साल निवासी जलई।
2, प्रियांशु चमोला पुत्र कमलेश चमोला 18 साल निवासी तिलवाड़ा।
3, रणबीर सिंह 28 साल निवासी बस्टी।
4, अमर बोहरा पुत्र मान बहादुर बोहरा निवासी नेपाल।
5, अनिता बोहरा पुत्री अमर बोहरा 26 साल निवासी नेपाल।
6, राधिका बोहरा पुत्री अमर बोहरा 14 साल निवासी नेपाल।
7, पिंकी बोहरा पुत्री अमर बोहरा 8 साल निवासी नेपाल।
8, पृथ्वी बोहरा पुत्र अमर बोहरा 7 साल निवासी नेपाल।
9, जटिल पुत्र अमर बोहरा 6 साल निवासी नेपाल।
10, वकील पुत्र अमर बोहरा 3 साल निवासी नेपाल।
11, विनोद पुत्र बदन सिंह 26 साल निवासी खानवा भरतपुर।
12, मुलायम पुत्र जसवंत सिंह 25 साल निवासी नगला बंजारा सहारनपुर।
13 बीर बहादुर पुत्र हरि बहादुर,
14, सुमित्रा पत्नी बीर बहादुर,
15, निशा पुत्री बीर बहादुर निवासी ग्राम व थाना राया जिला होमला आंचल करनाली, नेपाल
16, धर्मराज पुत्र मुन बहादुर जिला करनाली नेपाल,
17, चंद्र कामी पुत्र लाल बहादुर
18, सुखराम रावत पुत्र जोरा निवासी नेपाल
19- एक व्यक्ति का नाम, पता जानकारी नहीं।
देखते ही देखते मिट गया 3 दुकानों का नामोनिशान और 19 लोग दफन
रुद्रप्रयाग। गौरीकुंड हादसे का मुख्य कारण चटटान टूटने से दुकानों में गिरा मलबा और बोल्डर आना बताया जा रहा है। जो जानकारी अभी तक मिली है, उसके अनुसार पहाड़ी के एक चटटान वाले हिस्से में देर रात 11 बजे के बाद ब्रजपात हो गया। देखते ही देखते पहाड़ी से भारी संख्या में कुछ बोल्डर छिटक गये और वो सीधे नीचे सड़क किनारे स्थित तीन दुकानों में गिर गये। बोल्डर इतने भारी थे कि दुकानों का कुछ अता-पता नहीं चला और दुकान सहित दुकानों में रह रहे लोग सीधे नदी में जा गिरे।
सोनप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग के किनारे में जहां पर ये दुकाने थे, वहां से मंदाकिनी नदी की दूरी बेहद कम है। ऐसे मंे पहाड़ से आये बोल्डर एक साथ दुकानों को तोड़ते हुये नदी में जा गिरे। जो लोग दुकानों के अंदर थे। उन्हें भागने तक का मौका नहीं मिला। पहाड़ी से गिरे भारी भरकम बोल्डर सड़क में न गिरते हुये सीधे दुकानों पर गिरे। नदी से दुकानों की दूरी बहुत नजदीक है। ऐसे में दुकानों का मलबा सीधे नदी में जा गिरा। यदि दुकानों की दूरी नदी से थोड़ा दूर होती तो शायद लापता चल रहे कुछ लोगों की जान बच सकती थी। नदी के ठीक उपर अस्थाई तरीके से ये दुकाने बनाई गई थी। दुकाने मजबूत भी नहीं थी। ये दुकाने बोल्डरों का भार नहीं झेल पाई।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0061-300x225.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0059-300x225.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0057-300x225.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0060-300x225.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0058-300x225.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0054-300x247.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/08/IMG-20230804-WA0055-300x225.jpg)