सरकारी मशीनरी के प्रयोग के बावजूद भीड़ जुटाने में नाकाम रही भाजपा
पांच साल के कार्यकाल को लेकर आयोजित कार्यक्रम पर कांग्रेस ने कसे तंज
रुद्रप्रयाग। भाजपा के पांच साल के कार्यकाल को लेकर आयोजित कार्यक्रम पर कांग्रेस ने तंज कसा है। कांग्रेस की माने तो भाजपा ने सरकारी खर्चे पर अपनी उपलब्धियां बताने के लिए जनता के पैंसों का दुरूपयोग किया है। सरकारी मशीनरी और तमाम तरह के ताम-झाम होने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने में नाकाम ही रही है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image530241231-1641631377965.jpg)
यहां जारी विज्ञप्ति में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट एवं जिला प्रवक्ता नरेन्द्र बिष्ट ने कहा कि भाजपा की ओर से पांच साल पूरे होने पर सभी विधानसभाओं में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम सरकारी खर्चे पर आयोजित किये गये, जहां कुर्सिया खाली रहने से साफ हो गया है कि जनता भाजपा के झूठे वायदों से ऊब चुकी है। दोनों नेताओं ने कहा कि इन पांच सालों में केवल भाजपा नेताओं का ही विकास हुआ है। रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय में पांच करोड की लागत से भाजपा का कार्यालय बनाया गया। यही भाजपा की उपलब्धि रही है। रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, बेहतर नागरिक सुविधाएं, शिक्षण संस्थान और शिक्षा व्यवस्था सहित अन्य क्षेत्रों में कुछ भी काम नहीं हुए हैं। पिछले 5 सालों में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सरकारी ठेकों पर कब्जा करने का काम किया। कांग्रेस के सरकार में बनी सड़कों का मरम्मत तक नहीं किया गया। जिन संस्थानों को कांग्रेस सरकार ने स्थापित किया, उन्हें बंद करने का काम किया गया। सैनिक स्कूल को लेकर क्षेत्रीय विधायक से लेकर मुख्यमंत्री तक कई बार झूठा आश्वासन दे गये। जो काम कांग्रेस सरकार में हुआ, उससे आगे एक इंच भी आगे नहीं बढ़ पाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए जिन महत्वपूर्ण योजनाओं को कांग्रेस ने आगे बढ़ाया, उसे रोकने का काम भाजपा ने किया और 2017 की इंटर पास बालिकाओं को आज तक भी यह निकम्मी सरकार कन्या धन योजना का लाभ नहीं दे पाई है। बीपीएल परिवार की ऐसी सैकड़ों बालिकाओं का हक इन लोगों ने छीना है। जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं नहीं पहुंच पा रही हैं। मुख्यमंत्री राहत कोष केवल और केवल अपने चहेते लोगों को दिया जा रहा है। भेदभाव इतना है कि जहां इनके विधायक नहीं है, उस विधानसभा में गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों की जान बचाने के लिए भी इनके पास राहत कोष का पैंसा सहायता के लिए नहीं है। सबका साथ सबका विकास का वादा करने वाले लोग सबका साथ लेकर अपने विकास का एजेंडा आगे बढ़ा रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में पूरा हिसाब चुकायेगी।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image687029580-1641631409955.jpg)