ग्लोबल वार्मिंग के कारण पर्यावरण को बना है खतरा: देवराघवेन्द्र
राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग के छात्र, शिक्षकों के साथ ही अभिभावकों ने मनाया हरेला पर्व
एसबीआई रुद्रप्रयाग ने वृक्षारोपण अभियान में भाग लेकर छात्रों का बढ़ाया मनोबल
रुद्रप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग के छात्र, शिक्षकों के साथ ही अभिभावकों ने नये डिग्री कॉलेज परिसर में हरेला पर्व मनाया। इस दौरान आम, अमरूद, अनार, आंवला सहित सौ से ज्यादा फलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण विशेषज्ञ देवराघवेन्द्र बद्री ने भी भाग लिया। उन्होंने छात्रों को गंगा और पर्यावरण के संरक्षण को लेकर जानकारी दी। साथ ही एसबीआई रुद्रप्रयाग ने वृक्षारोपण अभियान में भाग लेकर छात्रों का मनोबल बढ़ाया।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0067-1-1024x768.jpg)
बृहस्पतिवार को राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग के छात्र जवाड़ी में बने नये डिग्री कॉलेज परिसर में पहुंचे। यहां पहुंचकर छात्रों ने सबसे पहले नये डिग्री कॉलेज के आस-पास पौधों के रोपण को लेकर खुदाई का काम किया। साथ ही भूस्खलन वाले स्थानों पर पौधों के रोपण के लिए जगह तैयार की। छात्रों ने प्राचार्य डॉ आशुतोष त्रिपाठी एवं नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ विक्रम वीर भारती के नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न प्रजाति के फलदार पौधे लगाए। वृक्षारोपण अभियान में पर्यावरण विशेषज्ञ देवराघवेन्द्र बद्री ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण पर्यावरण को खतरा बना है। जल स्त्रोत सूखते जा रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में वृक्षों का रोपण किया जाए। उन्होंने कहा कि गंगा को बचाने के लिए वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस बार नयी थीम के तहत हर हर गंगे, हर्बल गंगे अभियान चलाया जा रहा है। यदि सभी लोग वृक्षारोपण करेंगे, तभी जाकर यह कार्यक्रम सफल हो पायेगा। उन्होंने कहा कि जवाड़ी में जिस जगह पर वृक्षों का रोपण किया गया है, वह उचित स्थान चुना गया है। अभियान में युवाओं को जोड़ा जाना जरूरी है। प्राचार्य डॉ आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि गंगा नदी और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता की जरूरत है। जिसको लेकर हर साल हरेला पर्व मनाया जाता है। इस बार यह पर्व 15 अगस्त तक मनाया जायेगा।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0076-1024x768.jpg)
कहा कि यह पर्व नदी किनारे एक स्थायी पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए वृक्षारोपण अभियान सहित विभिन्न गतिविधियों में सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कॉलेज और नमामि गंगे पहल के बीच एक संयुक्त प्रयास था, जिसका उद्देश्य गंगा नदी के किनारे हरित और स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा देना है। वृक्षारोपण अभियान फलों के पेड़ लगाने, उनके पारिस्थितिक महत्व और समुदाय को मिलने वाले स्थायी लाभों को पहचानने पर केंद्रित है। प्राचार्य डॉ आशुतोष त्रिपाठी ने कहा पर्यावरण संरक्षण को लेकर मनाये जा रहे हरेला पर्व में डिग्री काॅलेज के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की है। नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ विक्रम वीर भारती ने पहल की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा इस तरह की पर्यावरणीय गतिविधियों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी एक स्थायी और पारिस्थितिक रूप से जिम्मेदार भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी। कहा कि जिस तरह से छात्रों ने इन पौधों का रोपण किया है। ठीक उसी लगन के साथ इनकी देखभाल का जिम्मा भी लिया है। कार्यक्रम में बैंक ने दस ट्री गार्ड दान किए और छात्रों एवं कर्मचारियों के लिए जलपान उपलब्ध कराया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ऋषभ सिंधववाल, कार्यक्रम सह संयोजक डॉ पूजा रानी, सदस्य डॉ मनोज बिष्ट, भगवती प्रसाद नौटियाल सहित एसबीआई, स्थानीय ग्रामीण एवं छात्र मौजूद थे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0077-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0074-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0070-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0073-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0071-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0072-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0068-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0069-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0067-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0066-1024x768.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230720-WA0065-1024x768.jpg)