चन्द्रापुरी से गायब 14 वर्षीय बच्चा देहरादून में मिला
पूर्व विधायक के अथक प्रयासों से मिला अरूण सिंह
परिजनों ने जताया पूर्व विधायक एवं पुलिस का आभार
अगस्त्यमुनि। चन्द्रापुरी में अपनी मां की डांट से नाराज होेकर घर छोड़कर गायब होने वाला 14 वर्षीय अरूण सिंह देहरादून में मिल गया है। घटना के बाद बुरी तरह टूट चुके परिजनों ने पूर्व विधायक मनोज रावत, पुलिस प्रशासन और अपने-अपने स्तर पर प्रयासरत सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230718-WA0090-1024x768.jpg)
दरअसल, अरुण 17 जुलाई को घर से ट्यूशन के लिए निकला था, लेकिन दिन ढल जाने के बाद भी घर वापस नही आने से परिजन बेहद परेशान हो गए थे। जिसके बाद परिजनों ने अगस्त्यमुनि थाना में बच्चे के गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवायी और पुलिस सहित स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर बच्चे की खोजबीन तेजी से शुरू कर दी। अरूण सिंह (हिमांशु) पुत्र किशन सिंह निवासी ग्राम कुंड पोस्ट चन्द्रापुरी थाना अगस्त्यमुनि बीते 17 जुलाई दिन में करीब एक बजे टयूशन के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि अरूण को उसकी मां ने नहाने को लेकर डांट लगाई थी, जिस कारण बच्चा काफी नाराज भी दिख रहा था। शाम तक जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं लग सका।
थानाध्यक्ष सदानंद पोखरियाल ने बताया कि बच्चे को उसकी मां ने किसी बात को लेकर डांट दिया था, जिससे नाराज बच्चा घर से एक हजार रूपये लेकर चुपचाप निकल गया। परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की खोजबीन की जा रही थी। जांच में बच्चे को 17 जुलाई को दोपहर डेढ़ बजे करीब जवाहरनगर अगस्त्यमुनि और उसके बाद शाम 4 बजे करीब रुद्रप्रयाग बाजार में देखे जाने की बात सामने आयी। जिसके बाद बच्चे के नीचे की ओर निकल जाने की संभावना प्रबल हो गयी थी। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक मनोज रावत के अथक प्रयासों से अरुण को देहरादून में बरामद किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता ताजबर खत्री ने बताया कि बच्चा कल शाम से देहरादून लोअर नथनपुर क्षेत्र में भटक रहा था। ढूंढ खोज में लगे परिजनों ने जब पूर्व विधायक मनोज रावत से सम्पर्क किया, तो मनोज रावत ने भी अपने सूत्रों और संबंधों से ढूंढ खोज शुरू की। जिसके बाद बच्चे को सकुशल बरामद कर घर वापस लाया गया है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2023/07/IMG-20230718-WA0091-1024x768.jpg)