govt-ads

पत्नी से मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार

Blog
 Image

राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस को हस्तांतरित हुई थी विवेचना, साक्ष्यों के आधार पर बढ़ाई गईं गंभीर धाराएं, जखोली क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी,

रुद्रप्रयाग। जिले में अपराधों की रोकथाम और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस ने पत्नी के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को ग्राम पाला कुराली निवासी सरोजनी देवी पत्नी सुरेश सिंह ने राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र बुढ़ना में तहरीर दी थी। तहरीर में उन्होंने अपनी बहन के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत की थी। उनकी बहन आरोपी मानवेन्द्र सिंह राणा की पत्नी है। इस मामले में राजस्व पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 एवं 351(2) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 01/2026 दर्ज किया था।

 

मामले की गंभीरता और अपराध की प्रकृति को देखते हुए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के आदेश पर मुकदमे की विवेचना राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस को हस्तांतरित कर दी गई। इसके बाद विवेचना की जिम्मेदारी अपर उप निरीक्षक सोमवीर सिंह, चौकी प्रभारी जखोली को सौंपी गई।

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 109(1), 117(2) एवं 115(2) की बढ़ोतरी की। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 नवंबर 2026 को आरोपी मानवेन्द्र सिंह राणा पुत्र बच्चन सिंह, निवासी ग्राम पाला कुराली, तहसील जखोली को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।