इन्फ्लूएंजा से बचाव को पुख्ता इंतजाम के दिए निर्देश, रैपिड रिस्पांस टीम सक्रिय, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश,

Blog
 Image

एएनएम व आशा को इन्फ्लूएन्जा के लक्षण, बचाव एवं रोकथाम के संबंध में जागरूकता,

 

रूद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में सीजनल इन्फ्लूएन्जा तथा श्वसन तंत्र से संबंधित रोगों के संभावित प्रसार की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने जनपद के समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर चिकित्सालयों में की गई तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि समीक्षा बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को चिकित्सा इकाइयों में आइसोलेशन बेड/वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, आवश्यक दवाइयां एवं अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीजनल इन्फ्लूएंजा के लक्षण मिलने पर सबंधित मरीज की सघन निगरानी करने व ऐसे मामलों की नियमित रिपोर्टिंग आईडीएसपी/आईएचआईपी पोर्टल पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

 एसएआरआई के लक्षण वाले मरीजों के नैजल एवं थ्रोट स्वैब सैंपल आवश्यकतानुसार नजदीकी जांच केंद्रों पर भेजने तथा किसी क्षेत्र में आईएलआई/एसएआरआई के मामलों की क्लस्टरिंग पाए जाने पर तत्काल जांच, निगरानी एवं नियंत्रण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) पूर्व में ही गठित है। जिसमें जिला सर्विलांस अधिकारी, फिजीशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, एपिडेमियोलॉजिस्ट एवं माइक्रोबायोलॉजिस्ट शामिल हैं। बताया कि सीजनल इन्फ्लूएन्जा एवं श्वसन तंत्र संबंधी रोगों के मामलों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। 

 

इसके अलावा उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को आशा व एएनएम के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को एच1एन1/सीजनल इन्फ्लूएन्जा के लक्षण, बचाव एवं रोकथाम के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने बुखार, खांसी, गले में खरास, सांस लेने में परेशानी, अत्याधिक कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नकर समय पर नजदीकी चिकित्सालय में परामर्श लेने पर जोर दिया है। 

 

उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों तथा गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने लोगों से सीजनल इन्फ्लूएंजा से बचाव व रोकथाम के लिए छींकते या खांसते समय नाक और मुंह को रूमाल/टिश्यू से ढकने, साबुन-पानी से नियमित रूप से हाथ साफ करें तथा सार्वजनिक स्थानों में न थूकने, भीड़भाड़ वाले स्थानो व आवश्यक सतर्कता बरतने पर जोर दिया है।

बैठक में एपिडेमियोलॉजिस्ट डाॅ. शाकिब हुसैन, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी व विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में तैनात चिकित्सा अधिकारी

मौजूद रहे।