मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग,
रुद्रप्रयाग। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर यज्ञ एवं गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किए जाने के मामले को लेकर रुद्रप्रयाग कांग्रेस ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी कोतवाली रुद्रप्रयाग को ज्ञापन सौंपकर मामले में मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में मल्लिकार्जुन खरगे ने संबोधित किया था। कांग्रेस का आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को गिरीश चंद पाण्डेय, अध्यक्ष श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास और 15 अन्य अज्ञात लोगों ने कथित आपराधिक षड्यंत्र के तहत रामलीला मैदान में यज्ञ कराया और गंगाजल का छिड़काव कर मैदान का कथित शुद्धिकरण किया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की कार्रवाई अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के प्रति अपमानजनक और सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाली है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कथित शुद्धिकरण की घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे एससी-एसटी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची।
कांग्रेस ने संविधान के अनुच्छेद 14 और 17 का हवाला देते हुए मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कांग्रेस ने 13 अगस्त को राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने का भी उल्लेख किया। साथ ही भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों का हवाला देते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अलग-अलग बयानों के माध्यम से कथित शुद्धिकरण की कार्रवाई को उचित ठहराने का प्रयास किया गया।
रुद्रप्रयाग कांग्रेस ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन पर कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।
इस दौरान पूर्व जखोली ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, नरेंद्र बिष्ट, सूरज नेगी, राय सिंह बिष्ट, पवन कुमार और लक्ष्मण सिंह रावत सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

