राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जिला सूचना कार्यालय में आयोजित हुई गोष्ठी, पत्रकारों ने प्रेस की स्वतंत्रता, मानवाधिकारों के संरक्षण और पत्रकारिता की चुनौतियों पर रखे विचार,
रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग में जनपद के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस वर्ष गोष्ठी की थीम 'शांतिपूर्ण भविष्य का निर्माण: मानवाधिकार, विकास और सुरक्षा के लिए प्रेस की स्वतंत्रता को बढ़ावा देना' रही। इस दौरान प्रेस की स्वतंत्रता, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष प्रेस लोकतंत्र की मजबूती का प्रमुख आधार है। पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं, आमजन की आवाज और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। पत्रकारों ने मानवाधिकारों के संरक्षण, सामाजिक एवं आर्थिक विकास तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में मीडिया की भूमिका पर अपने विचार रखे। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार प्रेस लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकार समाज की वास्तविक परिस्थितियों और जनसमस्याओं को सामने लाने के साथ ही शासन-प्रशासन तथा आमजन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि तथ्यपरक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इसके लिए पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारी को बनाए रखना आवश्यक है।
गोष्ठी में बदलते मीडिया परिदृश्य, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समाचारों की विश्वसनीयता तथा पत्रकारिता के समक्ष उत्पन्न हो रही नई चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पत्रकारिता के मूल्यों को कायम रखना जरूरी है।
इस दौरान राष्ट्रीय प्रेस दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्र, निर्भीक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया गया।
गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार बद्री नौटियाल, राजेश सेमवाल, हरेंद्र नेगी, देवेंद्र चमोली, कुलदीप राणा आजाद, भगत चौहान, रोहित डिमरी, ज्योति किमोठी, प्रकाश रावत, पंकज नेगी, रविंद्र कप्रवाण सहित जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा एवं सूचना कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

