govt-ads

पोस्टर और निबंध के जरिए छात्राओं ने दिया एचपीवी टीकाकरण का संदेश

Blog
 Image

पोस्टर प्रतियोगिता में वंशिका और निबंध में सिद्धिका ने मारी बाजी

 

रुद्रप्रयाग।राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिल्ड्रन एकेडमी इंटर कॉलेज, अगस्त्यमुनि में किशोर स्वास्थ्य दिवस पर पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण के महत्व और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में वंशिका ने प्रथम, जबकि निबंध प्रतियोगिता में सिद्धिका ने पहला स्थान हासिल किया।

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमा असवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने पोस्टर और निबंध के माध्यम से एचपीवी टीकाकरण की उपयोगिता को रेखांकित किया। पोस्टर प्रतियोगिता में वंशिका, आरुषि, श्रेया, दृष्टि और आरुषि ने क्रमशः प्रथम से पांचवां स्थान प्राप्त किया। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में सिद्धिका, प्रियांशी, प्रिया, श्रुति और स्नेहा क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विजेता प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से पुरस्कृत किया गया।

 

इस दौरान डॉ. हेमा असवाल ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा में होने वाला कैंसर है। एचपीवी टीकाकरण इस कैंसर के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं से टीकाकरण को लेकर फैलने वाली भ्रांतियों से बचने और किसी भी प्रकार की शंका होने पर अपुष्ट जानकारियों पर भरोसा करने के बजाय स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों से परामर्श लेने की अपील की।

 

कार्यक्रम में छात्राओं ने सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी टीकाकरण से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका डॉ. असवाल ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा सही जानकारी परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिपाल कंडारी ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होने से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं। किशोरावस्था में सही जानकारी मिलने से विद्यार्थी अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उचित सलाह ले सकते हैं।

 

इस अवसर पर एएनएम विजया आर्य, परामर्शदाता जयदीप कुमार, आशा फैसिलिटेटर आशा पुरोहित सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।