बसुकेदार तहसील की मांगों को लेकर 11वें दिन भी धरना जारी, अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देकर महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया

Blog
 Image

बसुकेदार। बसुकेदार तहसील की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अस्थायी तहसील परिसर में डॉ. आशुतोष भंडारी के नेतृत्व में चल रहा धरना शुक्रवार को 11वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान आंदोलनकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के साथ ही महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

 

धरने के दौरान अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों का प्रभाव गांवों, कस्बों, पर्यटन स्थलों और कार्यस्थलों तक किस हद तक पहुंच रहा है।

 

आंदोलनकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की।

 

वहीं, बसुकेदार तहसील की जनसमस्याओं को लेकर आंदोलनकारियों ने कहा कि केवल घोषणाओं और आश्वासनों से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। जनता को धरातल पर कार्य और समयबद्ध समाधान चाहिए।

धरने में डॉ. आशुतोष भंडारी, जगमोहन भंडारी, जगमोहन झिंकवान, अंशुमान गौर, हरिभजन भंडारी और सुनील नेगी मौजूद रहे।