एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 22 महिलाएं ले रहीं प्रशिक्षण, हुनर को रोजगार में बदलने का मिलेगा अवसर,
रुद्रप्रयाग। ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में जनपद में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), रुद्रप्रयाग में जूट उत्पाद निर्माण एवं सिलाई का प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसमें जनपद की 22 महिलाएं उत्साह और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
प्रशिक्षण के दौरान महिला प्रतिभागियों को जूट से विभिन्न प्रकार के आकर्षक, सजावटी और दैनिक उपयोग के उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। इसके साथ ही सिलाई प्रशिक्षण के अंतर्गत सलवार-सूट, प्लाजो पैंट सहित विभिन्न परिधानों की कटिंग, सिलाई और डिजाइनिंग की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। महिलाएं जूट से आकर्षक एवं उपयोगी वस्तुएं तैयार करने के साथ ही सिलाई के क्षेत्र में भी अपनी दक्षता विकसित कर रही हैं।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाएं घर से ही सिलाई और जूट उत्पाद निर्माण का कार्य शुरू कर सकती हैं। इसके अलावा स्थानीय बाजारों में अपने उत्पादों की बिक्री कर आमदनी अर्जित करने के साथ ही आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
यह प्रशिक्षण महिलाओं को केवल रोजगारपरक कौशल ही नहीं दे रहा, बल्कि उन्हें स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की दिशा में भी प्रोत्साहित कर रहा है। इससे महिलाएं अपने हुनर के दम पर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी योगदान दे सकेंगी।
एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की यह पहल ग्रामीण महिलाओं के कौशल विकास, आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

